देश-विदेश की करीब 580 शाखाओं में हुआ सजीव प्रसारण
दयालबाग में कृषि सेवा से लेकर कव्वाली तक आयोजन
–परम पुरुष पूरन धनी हुजूर स्वामीजी महाराज के जन्म दिवस पर आरती
विशेष पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामुदायिक भंडारा
दयालबाग (आगरा)। राधास्वामी मत के आद्य प्रवर्तक, संस्थापक एवं प्रथम संत सतगुरु परम पुरुष पूरन धनी हुजूर स्वामीजी महाराज के पावन जन्म दिवस/जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को दयालबाग, आगरा में पावन भंडारा श्रद्धा, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया गया। प्रातः एवं सायंकाल फलबाग में निर्धारित कृषि कार्य एवं सेवा के साथ आरती और पावन भंडारा कार्यक्रम आयोजित हुए। देश-विदेश की विभिन्न अनुमत शाखाओं से बड़ी संख्या में सत्संगी भाई-बहन और बच्चे इसमें शामिल हुए।
खेतों में पहुंचने के बाद परम पूज्य गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सत्संगी साहब एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी ने परम पुरुष पूरन धनी हुजूर स्वामीजी महाराज तथा परम गुरु हुजूर डा. एम. बी. लाल साहब के पावन स्वरूपों के समक्ष माथा टेका। प्रातःकालीन आरती के दौरान तीन विशेष पाठ हुए, जिनमें प्रथम पाठ में परम आदरणीय रानी साहिबा जी ने भी सहभागिता की।
संत सुपरह्यूमन योजना के बच्चों ने दो आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा निर्धारित कार्यक्रम के तहत पीटी, आत्मरक्षा एवं सुरक्षा-सावधानियों से संबंधित प्रस्तुतियां भी हुईं। आरती के प्रसाद के रूप में सभी सत्संगी भाई-बहनों एवं बच्चों को इलायची दाना और मुरमुरे वितरित किए गए।
सायंकालीन पावन भंडारा कार्यक्रम में एक विशेष पाठ और एक विशेष कव्वाली प्रस्तुत की गई। दोनों में परम आदरणीय रानी साहिबा जी की भी सहभागिता रही। सत्संगी भाई-बहनों के समूह की ओर से प्रस्तुत कव्वाली, “पन्नी गली से हुआ तुलू, सच्चे खुदा का आफताब…” पावन जन्म दिवस का विशेष आकर्षण रही।
प्रातः एवं सायंकाल कृषि सेवा, सांस्कृतिक और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सत्संगी भाई-बहनों एवं बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की। देश-विदेश से आए सत्संगियों की उपस्थिति से पूरे फलबाग क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और उल्लास का वातावरण बना रहा।
दोनों कार्यक्रमों के बाद परम पूज्य गुरु महाराज ईवी से अपने निवास की ओर प्रस्थान करते समय मार्ग में उपस्थित सत्संगी भाई-बहनों एवं बच्चों को अपनी दृष्टि से भावविभोर करते हुए चले। पावन भंडारा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ई-कैस्केड के माध्यम से देश-विदेश की करीब 580 सत्संग शाखाओं में किया गया।
दिल्ली की नौ शाखाओं में भी मनाई जयंती
नई दिल्ली । स्वामीजी महाराज की जयंती पर दिल्ली की सभी नौ शाखाओं में विशेष कार्यक्रम हुए। सत्संगी अपनी-अपनी शाखाओं में आयोजन में शामिल हुए और आनलाइन माध्यम से दयालबाग के मुख्य कार्यक्रम से जुड़े। स्वामी नगर, शाहदरा, जनकपुरी, विनय नगर, पुरानी दिल्ली, रमेश नगर, नारायणा, नई दिल्ली और करोल बाग शाखाओं में सत्संग, शब्द पाठ और भंडारे का आयोजन हुआ।
दिल्ली राधास्वामी सत्संग एसोसिएशन के सचिव डा. एम.एस. भारद्वाज ने बताया कि जन्माष्टमी के साथ चल रहा भंडारा सप्ताह छह सितंबर तक चलेगा। दयालबाग में मुख्य आयोजन प्रो. प्रेम सरन सत्संगी साहब की उपस्थिति में हुआ। कृषि सेवा के दौरान सुपरमैन स्कीम के सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। आयोजन में निस्वार्थ सेवा, सादा जीवन और उच्च विचार की भावना को प्रमुखता दी जा रही है।



