पति, पत्नी और ‘वो’ के ऑडियो वीडियो ने मचाया राजनीतिक बवाल

‘मंत्री पत्नी रेखा आर्य के भ्र्ष्टाचार की शिकायत सीएम धामी से भी की थी’

देखें वीडियो

अविकल थपलियाल

देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी ने वीडियो जारी कर पलटवार करते हुए मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है।

कार में बैठकर जारी किए गए वीडियो में साहू ने मंत्री द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को फर्जी और निराधार बताया है। उन्होंने वायरल ऑडियो को भी फर्जी करार दिया है।

साहू ने कहा, “माननीय मंत्री जी, जिस ऑडियो को आपने डाला है, वो AI से बनाई गई है, घर तोड़ने के लिए बनाई गई है। आप घमंड में चूर हैं कि मैं जीवन भर मंत्री रहूंगी। ऐसा नहीं है, जीवन में चढ़ाव-उतार आते हैं।”

उन्होंने अपने राजनीतिक योगदान का जिक्र करते हुए कहा, “आप वो दिन भूल गईं कि मैंने सड़क पर खड़ी एक महिला को कहां से कहां पहुंचा दिया। ये पूरा उत्तराखंड जानता है कि दो सलवार-कुर्ते में शादी करके आई महिला को मैंने कहां पहुंचाया।”

चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा, “मैं ईमानदारी से कह रहा हूं, अगर आपने ये फर्जी तहरीर वापस नहीं ली तो भोले बाबा, बनखंडी नाथ बाबा तुमसे चुन-चुन कर एक-एक चीज का हिसाब लेंगे।”

भ्रष्टाचार को लेकर साहू ने बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “साहू जी ने हमेशा यही कहा कि भ्रष्टाचार मत करो। इन बच्चों के पेट का राशन मत काटो। आज किसी और मंत्री का नाम भ्रष्टाचार में नहीं है, तुम्हारा नाम पूरे देश में है।”

साहू ने दावा किया, “जिस महिला के पास पांच रुपये नहीं थे, आज उसके पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है। इसकी किसी भी एजेंसी से जांच करा लो।”

उन्होंने मुख्यमंत्री और जनता से न्याय की अपील भी की। “मैंने 17 साल तक सोमेश्वर की जनता के सामने झोली फैलाकर आपके लिए वोट मांगे। पत्रकार बंधुओं और मुख्यमंत्री जी, जो मेरे मित्र और भाई भी हैं, आप न्याय करें। मैंने पहले भी मुख्यमंत्री जी से इनके भ्रष्टाचार की शिकायत की थी,”। और सीएम धामी ने इन्हें डांटा भी था।

मंत्री ने लगाए थे ये आरोप

इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने ही पति के खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। यह मामला 15 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया था।

मंत्री ने धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक अपमान और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

एफआईआर में उन्होंने खुद को अनुसूचित जाति की सदस्य बताया था। तहरीर में कहा गया था, “प्रार्थिनी रेखा आर्या पुत्री स्व. गोपाल राम, निवासी यमुना कॉलोनी, देहरादून उत्तराखंड में अधिसूचित अनुसूचित जाति की सदस्य हैं।”

उनके मुताबिक, उनकी शादी 6 जुलाई 2004 को गिरधारी लाल साहू से हुई थी। आरोप था कि पति ने शादी के समय खुद को अविवाहित बताया था।

तहरीर में लिखा है, “श्री गिरधारी लाल साहू ने विवाह के समय ही प्रार्थिनी को धोखे में रखा कि वह अविवाहित है।”

मंत्री का कहना था कि बाद में पता चला कि पति पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध हैं। “इस बारे में जब आपत्ति की तो शुरुआत में मेरे पति ने अपनी गलती मानते हुए लिखित और मौखिक रूप में माफीनामा दिया, परंतु माफीनामा के बाद भी वह इन कार्यों में लिप्त रहा,” एफआईआर में दर्ज है।

विरोध पर मारपीट और धमकी का आरोप भी लगाया गया था। तहरीर में कहा गया था, “इन संबंधों का विरोध करने पर गिरधारी लाल साहू प्रार्थिनी के साथ मार-पिटाई और गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।”

साथ ही आर्थिक धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा गया था, “गिरधारी लाल साहू ने प्रार्थिनी के कूट रचित हस्ताक्षर कर एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में प्रार्थिनी को कंपनी के निदेशक के पद से निवृत्त दर्शा दिया।”

सबसे गंभीर आरोप एक ऑडियो को लेकर था। मंत्री ने कहा था, “जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात करते हुए प्रार्थिनी को जान से मारने का षड्यंत्र रच रहा है।”

उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा था, “प्रार्थिनी को लगातार अपने और अपने नाबालिग बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है।”

कथित ऑडियो में क्या है?

इधर मंत्री रेखा आर्य द्वारा जारी किया गया कथित ऑडियो भी खूब वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक पुरुष आवाज कहती है, “रिंकू को तुम कतई जितना मुझ पे भरोसा करते हो उससे ज्यादा रिंकू पे भरोसा करना।”

उसमें जमानत का भी जिक्र है, “वन परसेंट अगर जमानत नहीं हुई तो दो-तीन दिन हो सकता है जेल भी जाना पड़े।”

महिला आवाज कहती है, “मैं क्यों जाऊं जेल? मेरी कितनी बदनामी होगी?”…..

पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और ऑडियो-वीडियो की जांच कर रही है। फिलहाल मंत्री स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती बताई जा रही हैं। पति के करप्शन के आरोप का मंत्री रेखा आर्य क्या जवाब देती है,इस पर भी नजरें टिकी हुई है। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल पति,पत्नी और वो की आग में खूब हाथ सेंक रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *