हरिद्वार में अवैध निर्माणों पर प्राधिकरण का शिकंजा

पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने तीन व्यावसायिक निर्माण किए सील

अविकल उत्तराखंड

हरिद्वार । अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
लगातार चेतावनी और नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोकने पर प्राधिकरण टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में तीन अनाधिकृत व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।


प्राधिकरण के अनुसार टिहरी विस्थापित क्षेत्र की गली नंबर-7 के सामने लगभग 30×30 वर्गफीट क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। वहीं ज्वालापुर-सलेमपुर स्थित मीनाक्षीपुरम में पानी की टंकी के पास लगभग 25×30 वर्गफीट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण चल रहा था। इसके अतिरिक्त ज्वालापुर रावली महदूद क्षेत्र में तालाब के सामने लगभग 15×30 वर्गफीट क्षेत्रफल में दुकानों का निर्माण किया जा रहा था।
इन सभी मामलों में प्राधिकरण द्वारा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए गए थे तथा निर्माण कार्य रोकने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित निर्माणकर्ताओं द्वारा निर्माण जारी रखा गया। नियमों की अनदेखी होते देख प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की उपस्थिति में तीनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया।


प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *