भाजपा ने राज्य आंदोलनकारियों को धोखा दिया -कांग्रेस

अंकिता प्रकरण, आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेन्द्र प्रताप ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की जनता के साथ छल और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में झूठे वादों, घोषणाओं और समितियों के गठन के जरिए जनता को गुमराह किया है। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के बावजूद सरकार अब भी झूठे आश्वासन देने से बाज नहीं आ रही है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धीरेन्द्र प्रताप ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों को नौकरी और पेंशन जैसी सुविधाएं कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिली थीं। इसके बाद दस वर्षों से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार ने आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया। आज भी अनेक आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण नहीं हो पाया है। वहीं, कुछ आंदोलनकारी चिन्हीकरण की प्रतीक्षा करते हुए दुनिया से विदा हो गए। इसके लिए उन्होंने भाजपा की डबल इंजन और ट्रिपल इंजन सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट के लिए गुजरात ले जाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब देहरादून में ही इस तरह के परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है तो उन्हें गुजरात ले जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह कथित वीआईपी को बचाने की साजिश का हिस्सा हो सकता है। भाजपा ने जिस तरह अंकिता भंडारी प्रकरण में अब तक न्याय नहीं होने दिया, उसे प्रदेश की जनता देख रही है।

धीरेन्द्र प्रताप ने कोटद्वार के विधायक दिलीप रावत की हालिया बयानबाजी की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि गेरुआ वस्त्र धारण करने वाले संत और महंत को इस तरह की बयानबाजी शोभा नहीं देती। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर की जा रही बयानबाजी से प्रदेश का हित नहीं हो रहा है, बल्कि देशभर में राज्य की छवि खराब हो रही है। मीडिया को भी इस तरह के मामलों में सावधानी बरतनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत प्रदेशभर में अब तक एक लाख से अधिक हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामले बढ़े हैं। उन्होंने मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, धन सिंह रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और कथित घोटालों से प्रदेश की जनता परिचित है।

उन्होंने रेखा आर्य की संपत्ति को लेकर उनके पति के कथित बयान का हवाला देते हुए कहा कि उनके पास 210 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की बात कही गई है। यह संपत्ति इससे भी अधिक हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को इसका जवाब देगी।

पत्रकार वार्ता में पूर्व राज्य मंत्री मनीष कुमार नागपाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य आंदोलनकारी लाखीराम बिजल्वाण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *