कई निर्माण ध्वस्त व सील
प्राधिकरण की सख्ती: चेतावनी के बावजूद जारी था निर्माण
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित रावली महदूद की रामधाम कॉलोनी में अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों के खिलाफ प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माण ध्वस्त कर सील कर दिए।
लगातार नोटिस और निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया।
प्राधिकरण के अनुसार रामधाम कॉलोनी में अर्जुन सिंह द्वारा लगभग 9 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अलावा इसी क्षेत्र में लगभग 4 से 5 बीघा भूमि पर प्लाटिंग के साथ करीब 15×15 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था।

वहीं गुरु कृपा स्वीट्स के सामने सुखवीर सिंह द्वारा लगभग 2 बीघा भूमि पर प्लाटिंग तथा करीब 15×20 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण ने बताया कि सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहा। इस पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ ही सीलिंग की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



