सामाजिक सुरक्षा नियमावली को मंजूरी
धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की गारंटी
आबकारी विभाग में 11 नए पद
आंगनबाड़ी मानदेय वृद्धि पर फैसला सीएम के हवाले
अविकल थपलियाल
हरादून। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कर्मचारियों, किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए चार चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने, सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 लागू करने और राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य सरकारी सेवा का बॉण्ड अनुमन्य करने पर मुहर लगाई।
इसके अलावा एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा नियमावली में संशोधन, फार्मासिस्ट भर्ती की शैक्षिक अर्हता में बी.फार्मा को शामिल करने तथा ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की नई नीति को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाने पर एनएचआईडीसीएल को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने, आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित करने और सफाई कर्मचारी आयोग में एक अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद बनाने का भी निर्णय लिया।
वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया। बैठक में सेतु आयोग की आईटी सेवा नियमावली सहित कई अन्य सेवा नियमावलियों को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट के अहम फैसले
- उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग के अन्तर्गत उपाध्यक्ष का 01 अतिरिक्त पद सृजित किए जाने के सम्बन्ध में कैबिनेट द्वारा लिया गया निर्णय।
- केंद्र सरकार द्वारा संगठित, असंगठित एवं अन्य क्षेत्रों के सभी कर्मचारियों और कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का विस्तार देने के उद्देश्य से लागू सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 की धारा 154 एवं 156 के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 प्रख्यापित किए जाने का निर्णय लिया गया है। नियमावली के लागू होने से संगठित एवं असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाएगा। असंगठित कर्मकारों एवं भवन संनिर्माण कर्मकारों के कल्याण हेतु पृथक-पृथक बोर्डों के गठन का प्रावधान किया गया है। कर्मकार द्वारा नामांकित व्यक्ति या उत्तराधिकारी के नाबालिग होने की स्थिति में नियोक्ता द्वारा उसके वयस्क होने तक ग्रेच्युटी राशि भारतीय स्टेट बैंक अथवा किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में सावधि जमा में निवेश किए जाने का प्रावधान है। कर्मकारों के नामांकन की रीति एवं प्रारूप निर्धारित किए गए हैं। कर्मकार की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के व्यय हेतु राशि सक्षम प्राधिकारी के पास जमा किए जाने का प्रावधान है। कर्मचारी बीमा न्यायालय की संरचना एवं नियंत्रण आदि के सम्बन्ध में प्रावधान किए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन कर असंगठित कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
- कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उत्तराखण्ड के अन्तर्गत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) की सीधी भर्ती के पदों हेतु निर्धारित शैक्षिक योग्यता में डी.फार्मा के अतिरिक्त बी.फार्मा को सम्मिलित किए जाने के सम्बन्ध में।
इस हेतु कैबिनेट द्वारा उत्तराखण्ड कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट संवर्ग (एलोपैथिक) सेवा नियमावली, 2021 के नियम-8 (शैक्षिक अर्हता) में संशोधन करते हुए कर्मचारी राज्य बीमा योजना फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) (संशोधन) सेवा नियमावली, 2026 प्रख्यापित किए जाने का निर्णय लिया गया है। - पेराई सत्र 2026-27 हेतु उत्तराखण्ड राज्य की सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लिए जाने हेतु शासकीय प्रत्याभूति प्रदान किए जाने का कैबिनेट द्वारा लिया गया निर्णय
राज्य की सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को पेराई सत्र में गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान हेतु राज्य सरकार द्वारा शासकीय प्रत्याभूति प्रदान की जाती रही है। पेराई सत्र 2026-27 हेतु चीनी मिल बाजपुर, नादेही, किच्छा एवं डोईवाला के लिए कुल ₹207.75 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति प्रदान किए जाने का प्रस्ताव है।
- चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अन्तर्गत कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन सेवा में भर्ती तथा नियुक्त कार्मिकों की सेवा शर्तों को विनियमित किए जाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को कैबिनेट ने दी मंजूरी।
- राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पी.जी. पाठ्यक्रम में प्रवेशित छात्रों हेतु अनिवार्य राजकीय सेवा सम्बन्धी बॉण्ड अनुमन्य किए जाने के सम्बन्ध में कैबिनेट द्वारा लिया गया निर्णय
उत्तराखण्ड राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों से अनिवार्य राजकीय सेवा सम्बन्धी बॉण्ड निष्पादित कर पी.जी. पाठ्यक्रम पूर्ण करने के पश्चात संबंधित चिकित्सकों को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के दुर्गम/पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित चिकित्सालयों में 02 वर्ष की अनिवार्य राजकीय सेवा हेतु नियुक्ति प्रदान की जाती रही है। सीनियर रेजीडेन्ट चिकित्सकों की कमी को देखते हुए पी.जी. पाठ्यक्रम में प्रवेशित छात्रों हेतु अनिवार्य राजकीय सेवा सम्बन्धी बॉण्ड अनुमन्य किए जाने के प्रस्ताव पर मंत्रिमण्डल द्वारा सहमति व्यक्त की गई है।
7.उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मिली मंजूरी
वर्तमान में प्रचलित ग्रामीण पेयजल योजना संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2024 को अधिक्रमित कर उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं का संचालन एवं रख-रखाव नीति, 2026 प्रख्यापित किए जाने के प्रस्ताव को मंत्रिमण्डल द्वारा अनुमोदित किया गया।
8.उत्तराखण्ड राज्य में विविध निर्माण कार्यों हेतु सूचीबद्ध कार्यदायी संस्था राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को सूचीबद्ध पैनल से हटाए जाने का कैबिनेट ने लिया निर्णय
एनएचआईडीसीएल को शासकीय विभागों के विविध निर्माण कार्यों हेतु कार्यदायी संस्था के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। आवास विभाग द्वारा उक्त संस्था को राज्य के पाँच जनपदों में ऑटोमेटेड/ मैकेनाइज्ड/टनल पार्किंग से सम्बन्धित आवंटित निर्माण कार्यों में रुचि न दिखाए जाने तथा निर्गत धनराशि के सापेक्ष दीर्घ समयावधि में भी निर्माण कार्य प्रारम्भ न किए जाने के दृष्टिगत समस्त पार्किंग/विविध निर्माण कार्यों हेतु कार्यदायी संस्था की सूची से हटाए जाने के प्रस्ताव को मंत्रिमण्डल द्वारा निर्णय लिया गया।
9.उत्तराखण्ड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने को मंत्रिमण्डल ने दी संस्तुति।
10.उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मंत्रिमण्डल ने दिया अनुमोदन।
नियोजन विभागान्तर्गत सेतु आयोग, उत्तराखण्ड के संगठनात्मक ढाँचे को स्वीकृति प्रदान की गई है। विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन हेतु तकनीकी एवं अन्य कार्यों के सम्पादनार्थ सूचना प्रौद्योगिकी से सम्बन्धित कार्मिकों की सेवा शर्तों के विनियमन हेतु उत्तराखण्ड सेतु आयोग सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली, 2026 के प्रख्यापन को मंत्रिमण्डल ने दिया अनुमोदन।
11.उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंत्रिमण्डल का अनुमोदन।
उत्तराखण्ड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा नियमावली, 2019 के अन्तर्गत अधिमानी अर्हता सम्बन्धी बिन्दु-9 एवं नियमावली के अंग्रेजी संस्करण में भिन्नता के दृष्टिगत अधिमानी अर्हता सम्बन्धी धारा-9 के भाग (1) में ‘प्रादेशिक सेवा’ के स्थान पर ‘प्रादेशिक सेना’ किया जाना प्रस्तावित है, जिससे भविष्य में सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी (पे मैट्रिक्स लेवल-10) की सीधी भर्ती के अधियाचन में विसंगति उत्पन्न न हो।
12.आबकारी विभागान्तर्गत उप आबकारी आयुक्त के 05 एवं सहायक आबकारी आयुक्त के 06 नवीन पदों, अर्थात कुल 11 नवीन पदों के सृजन के सम्बन्ध में कैबिनेट द्वारा लिया गया निर्णय।
आबकारी विभागान्तर्गत अधिक से अधिक राजस्व संग्रहण, अवैध मदिरा की पूर्ण रोकथाम एवं विभागीय कार्यावश्यकता के दृष्टिगत वर्तमान में सृजित 02 परिक्षेत्रों को 07 परिक्षेत्रों में पुनर्गठित करते हुए प्रत्येक परिक्षेत्र में 01-01 उप आबकारी आयुक्त का पद निर्धारित किया गया है। इस प्रकार उप आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-11) के 05 नवीन पद तथा राज्य में स्थापित डिस्टलरीज/ब्रूवरीज हेतु सहायक आबकारी आयुक्त (वेतन लेवल-10) के 06 नवीन पद, अर्थात कुल 11 नवीन पदों का सृजन किया गया है।
13.महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभागान्तर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मासिक मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय हेतु मंत्रिमण्डल द्वारा मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।




