चुनावी जंग के लिए कांग्रेस में लगे जंग को हटाने की मुहिम शुरू

कांग्रेस प्रभारी ने कहा, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाएंगे

जिला अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों और वरिष्ठ नेताओं संग मंथन

अविकल उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरेगी और प्रदेश में कांग्रेस को सशक्त विकल्प के रूप में स्थापित करेगी।

दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं सैलजा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की जिला अध्यक्ष चुनाव समिति के समन्वयक एवं प्रभारी चिल्ला वामशी चंद्र रेड्डी भी उपस्थित रहे।

प्रदेश प्रभारी ने जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। 27 में से 25 जिला अध्यक्ष बैठक में शामिल हुए।
संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पिछले छह महीनों में जिला अध्यक्षों द्वारा किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया। संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों पर चर्चा हुई।
साथ ही आगामी तीन महीनों का रोडमैप भी तय किया गया, जिसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में बूथ समितियों को सक्रिय और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सैलजा ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने में जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलनों और जनसंपर्क अभियानों को और गति देने की आवश्यकता बताई।
सामूहिक बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी ने जिला अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से भी संवाद किया और उनके सुझाव व समस्याएं सुनीं।
इसके बाद फ्रंटल और आनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों की सक्रियता की समीक्षा की गई। अब तक के कार्यकाल और संगठनात्मक योगदान पर चर्चा करते हुए सैलजा ने कुछ मोर्चों की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई और भविष्य में उनकी भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक कार्यक्रम में सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
दौरे के दौरान वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सैलजा ने राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर प्रदेश नेतृत्व की सराहना की।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, काजी निजामुद्दीन सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। इस दौरान सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *