सीएम धामी बोले, दलेर और मीका दोनों मेरे मित्र, अब बात खत्म करें

देहरादून। नई टिहरी के प्रसिद्ध सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पॉप स्टार दलेर मेहंदी के लाइव कंसर्ट में डबिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासत से लेकर बॉलीवुड तक पहुंच गया है। मामले को तूल पकड़ता देख मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। सीएम धामी ने कहा है कि वह इस मुद्दे पर दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह, दोनों से बात करेंगे।

दरअसल, पूरा मामला सांस्कृतिक संध्या का है। मेले में मुख्य आकर्षण के तौर पर दलेर मेहंदी को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान दलेर ने लाइव गायन की जगह बैकग्राउंड ट्रैक पर लिप-सिंक किया। इसे देखकर दर्शकों में नाराजगी फैल गई।

दर्शकों की नाराजगी को देखते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल खुद मंच पर पहुंच गए और माइक पर ही दलेर मेहंदी को टोक दिया। मंत्री ने कहा था, “नरेंद्रनगर की जनता आपको लाइव सुनने आई है, रिकॉर्डेड आवाज पर एक्टिंग देखने नहीं। यह ऐतिहासिक मेले और देवभूमि के दर्शकों की भावनाओं का अपमान है।”

इस वीडियो के वायरल होते ही विवाद ने तूल पकड़ लिया। दलेर मेहंदी के भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह ने भाई के समर्थन में मोर्चा खोल दिया। इसके बाद कपिल शर्मा, राजपाल यादव सहित कई फिल्मी सितारे भी दलेर के समर्थन में उतर आए।

विवाद बढ़ने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सफाई दी। उन्होंने बुधवार को कहा कि उनका मकसद दलेर मेहंदी को दुख पहुंचाना नहीं था। मंत्री ने कहा, “मंच पर साफ दिख रहा था कि वे गा नहीं रहे, सिर्फ लिप-सिंक कर रहे हैं। वे न ठीक से बोल पा रहे थे, न चल पा रहे थे। मुझे लगा वे किसी नशे के प्रभाव में हैं।”

उनियाल ने कहा कि अगर दलेर की तबीयत खराब थी तो उन्हें आयोजकों को पहले बताना चाहिए था। उन्होंने कहा, “वे बड़े कलाकार हैं, इसलिए उन्हें आमंत्रित किया गया था। लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते मुझ पर जनता का दबाव था, जो सवाल उठा रही थी।”

अब इस पूरे प्रकरण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान आया है। देहरादून में मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा, “उस समय शायद जनता का दबाव रहा होगा, इसलिए ऐसा हुआ। मंत्री सुबोध उनियाल ने खुद आगे आकर कहा है कि उन्हें दलेर जी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी नहीं थी।”

सीएम ने कहा, “दलेर मेहंदी बहुत बड़े कलाकार हैं। उत्तराखंड कलाकारों का सम्मान करने वाली धरती है। मंत्री ने अपना पक्ष रख दिया है, अब इस मामले को ज्यादा तूल देने की जरूरत नहीं है। सभी लोगों को इसे यहीं छोड़ देना चाहिए।”

धामी ने विवाद को खत्म करने की पहल करते हुए कहा, “दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों ही मेरे मित्र हैं। मैं खुद उनसे बात करूंगा।” सीएम की इस पहल के बाद माना जा रहा है कि सरकार इस विवाद को जल्द शांत कराना चाहती है ताकि मेले की छवि और राज्य की कलाकार-अतिथि सत्कार की परंपरा पर सवाल न उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *