पीड़ित बालक राम की बेटी से फोन पर की वार्ता
एसएसपी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आज पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर वार्ता की। मुख्यमंत्री ने दीक्षा से पूरे मामले की जानकारी प्राप्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने एसएसपी को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए विवश नहीं होने दिया जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मालूम हो कि सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह द्वारा बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने तथा धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने बालक राम की बेटी दीक्षा से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षा एवं न्याय का भरोसा दिलाया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


सेवा में.
श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय, देहरादून, उत्तराखण्ड।
३.अ. कार्या
विषयः प्रार्थी के साथ श्री चमन सिंह पुत्र स्व० श्री गुलाब सिंह व श्री राजपाल सिंह पुत्र स्व० श्री गुलाब सिंह निवासीगण ग्राम बिरनाड तहसील त्यूनी थाना त्यूनी द्वारा गाली गलोज व मारने की धमकी दिये जाने के सम्बन्ध में ।
महोदय,
सविनय निवेदन इस प्रकार है कि प्रार्थी ग्राम छुमरा खत देवगार तहसील त्यूनी का निवासी है तथा विद्युत विभाग उपखण्ड चकराता सब-स्टेशन त्यूनी में लाईनमैन के पद पर कार्यरत है। प्रार्थी की पुत्रियां कु० दीक्षा व कु० साक्षी पंडित शिवराम राजकीय महाविद्यालय त्यूनी में बी० ए० प्रथम वर्ष व बी० ए० द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत है। प्रार्थी की पुत्री कु० दीक्षा के द्वारा महाविद्यालय में वर्तमान चुनाव में सचिव के पद पर चुनाव में प्रतिभाग किया था तथा कु० साक्षी ने सहसचिव के पद पर प्रतिभाग किया था। प्रार्थी को दिनांक 07-10-2026 को समय 8.23 मिनट सांय व समय 9.00 बजे व सांय 9:15 बजे उपरोक्त व्यक्तियों के द्वारा फोन किया गया और फोन पर प्रार्थी को धमकाया गया कि वह अपनी दोनों पुत्रियों की ज्वाईनिंग कॉग्रेस पार्टी में करा दें नही ‘तो अच्छा नहीं होगा। और प्रार्थी को फोन पर भद्दी-2 गालियां दी गई व अमार्यादित व्यवहार किया गया तथा प्रार्थी को बुरी तरह से धमकाया गया जिसकी रिकॉर्डिंग प्रार्थी के द्वारा अपने मोबाईल फोन में की गई है जो सुरक्षित है। लेकिन उपरोक्त व्यक्तियों को जब इस बात का पता चला कि उनके द्वारा प्रार्थी के साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया तथा फोन में रिकार्ड हो गया है तो उनके द्वारा प्रार्थी व उनके परिवार को देख लेने की धमकी दी जा रही है। और प्रार्थी को जान से मारने के लिए उपरोक्त व्यक्ति अपने साथ असामाजिक तत्वों को लेकर बिजली घर तक उक्त दिनांक को ही आये तो वहाँ पर मौजूद कर्मचारी श्री देवेश बिजल्वाण के द्वारा उपरोक्त व्यक्तियों को बताया गया कि प्रार्थी बिजली घर से चला गया है लेकिन उपरोक्त व्यक्तियों के द्वारा प्रार्थी को लेकर बिजली घर में और भद्दी-2 गालियां दी और जान से मारने की भी धमकी दी ।
जिससे प्रार्थी व प्रार्थी का परिवार गहरे सदमें में आ गया है और उपरोक्त से अत्यधिक भय व्याप्त है। प्रार्थी व प्रार्थी के जान माल की सुरक्षा की जानी तथा उपरोक्त व्यक्तियों के विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाये न्यायहित में अति आवश्यक है। प्रार्थी दिव्यांग व्यक्ति है।
अतः महोदय जी से प्रार्थना है कि उपरोक्त प्रकरण की जांच कराकर उपरोक्त व्यक्तियो के विरूद्ध कड़ी से कडी कानूनी कार्यवाही करने की कृपा करें जिससे प्रार्थी व प्रार्थी का परिवार सुरक्षित रह सके।
प्रार्थी आपका सदैव आभारी रहेगा।
दिनांक: 23-10-2026
प्रार्थी, बालक राम (बालक राम चौहान) पुत्र स्व० श्री लायकराम ग्राम छुमरा पो०ओ० भगवत तहसील त्यूनी, देहरादून। मो0नं0 9411182050




