वीर गढ़वाली पर अपमानजनक टिप्पणी पर विधायक दिलीप पर कांग्रेस का हमला

पंद्रह सालों में भाजपा ने लैंसडौन व प्रदेश का भट्टा बैठा दिया-कांग्रेस

कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा पहुंची लैंसडौन

अविकल उत्तराखंड

लैंसडाउन। गुरुवार को कांग्रेस की राज्य व्यापी परिवर्तन संकल्प यात्रा गढ़वाल की लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, एआईसीसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने यहां आयोजित विशाल परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि तीन बार चुनाव जीते भाजपा विधायक ने क्षेत्रीय जनता को धोखा दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में आज हर क्षेत्र में चाहे वो रोजगार का हो या स्वास्थ्य सेवाओं का या प्राइमरी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा का सभी जगह बुरा हाल है। हरक सिंह रावत ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि अब इस भ्रष्टाचार से छुटकारा पाने के लिए केवल एक उपाय है और वह है कि प्रदेश से इस भ्रष्ट व नकारा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया जाए।

सदस्य एआईसीसी व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और भाजपा के संरक्षण में प्रदेश में पेपर लीक माफिया व नौकरियों की नीलामी करने वाले हाकम सिंह व संजय धारीवाल जैसे माफिया पनप रहे हैं। धस्माना ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उत्तराखंड आज हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर पहुंच गया है यह सब भाजपा सरकार की देन है।

धस्माना ने लैंसडौन विधायक दिलीप रावत के द्वारा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के बारे में कहे गए अपशब्दों को निंदा करते हुए कहा कि देश की आजादी के बड़े नायक के खिलाफ अभद्र भाषा बोल कर दिलीप रावत ने अपनी आरएसएस व भाजपा की सोच प्रदर्शित की है। उन्होंने कहा कि दिलीप रावत के खिलाफ भाजपा को कार्यवाही करनी चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा की डूबल इंजन सरकार ने प्रदेश का बंटाधार कर दिया है इसलिए अब इसको उखाड़ फेंकने की जरूरत है।

जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लैंसडाउन विधानसभा में आए दिन वन्य जीव ग्रामीणों पर हमले कर रहे हैं । और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में पूरी तरह विफल रही है।
युवाओं, महिलाओं और किसानों की समस्याओं को भाजपा सरकार ने लगातार नजरअंदाज किया है। कांग्रेस रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान “परिवर्तन संकल्प पत्र” का भी लोकार्पण किया गया। संकल्प पत्र में महिलाओं की सुरक्षा, अंकिता भंडारी को न्याय, युवाओं को रोजगार, अग्निवीर योजना की समीक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पलायन रोकने, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, भ्रष्टाचार पर अंकुश तथा उत्तराखंड के समग्र विकास के प्रमुख संकल्पों को जनता के समक्ष रखा गया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के जिला अध्यक्ष विकास नेगी ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महासचिव रघुवीर बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष (सैन्य प्रकोष्ठ) रामरतन सिंह नेगी, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रश्मि पट्टवाल, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रांत खंतवाल, रवींद्र नेगी, सुरेंद्र बिष्ट, नगर अध्यक्ष रौशन शाह, जिला अध्यक्ष (सैन्य प्रकोष्ठ) धीरेंद्र बिष्ट, गंभीर रावत, लक्ष्मण रावत, रूपेंद्र नेगी सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *