चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, बूथ की मजबूती पर जोर

भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाएं

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें- शैलजा

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। सात सितंबर के सीएम आवास कूच के बाद कांग्रेस बूथ स्तर की तैयारियों में जुट गई।
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने मंगलवार को पार्टी के फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और जनता के बीच पकड़ मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर होकर जनता के मुद्दे उठाने का आह्वान किया।
कुमारी शैलजा ने फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से उनकी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए जल्द कार्यकारिणियों का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी प्रदेशभर में व्यापक दौरे करें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर कांग्रेस को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। संगठन के विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी सक्रियता जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक में शैलजा ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग परेशान हैं। कांग्रेस को इन वर्गों की आवाज बनकर उनके बीच मजबूती से खड़ा होना होगा।

शैलजा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त कर रही है। उन्होंने प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने तथा संगठन को एकजुट कर चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यों के आधार पर विरोध करें और जनता की आवाज बनें। उन्होंने गांव-गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *