रुद्रपुर-पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराने को सरकार गंभीर
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार मेडिकल शिक्षा के विस्तार और प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
सरकार का प्रयास है कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेजों में इसी शैक्षिक सत्र से मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो।
हनी पाठक ने कहा कि दोनों मेडिकल कॉलेज उत्तराखंड के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। इनके निर्माण के साथ आवश्यक संसाधन, फैकल्टी, बुनियादी ढांचे और अन्य मानकों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं और मान्यता की प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार संबंधित विभागों और केंद्रीय स्तर पर लगातार संपर्क एवं समन्वय बनाए हुए है। राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी पैरवी की जा रही है, ताकि आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और छात्रों के हित सुरक्षित रहें।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मेडिकल कॉलेजों की इमारतें तैयार करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में मजबूत चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचा विकसित करना है। इसके लिए आवश्यक संसाधनों और मानकों को पूरा करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
हनी पाठक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष मेडिकल कॉलेजों को लेकर भ्रम और आशंका का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। छात्रों के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस को सरकार के सकारात्मक प्रयासों में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को समझती है और किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हनी पाठक ने कहा कि धामी सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा चिकित्सा शिक्षा के विस्तार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।



