कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा अव्यवस्था के खिलाफ 28 शहरों में चलेगा राष्ट्रव्यापी आंदोलन

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है। 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों, कॉलेज परिसरों और युवा समूहों के बीच संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष तथा केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह ने अभियान की जानकारी दी। रंजीत रंजन ने कहा कि यह अभियान उन लाखों छात्रों और युवाओं की आवाज है, जिनकी मेहनत पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, परिणामों में देरी और भर्ती प्रक्रियाओं में अव्यवस्था के कारण प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि यह केवल नीट या किसी एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश की पूरी शिक्षा और भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता का प्रश्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से युवाओं का भरोसा टूटा है, जबकि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही तय करने में असफल रही है।

कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और पेपर लीक मामलों में कथित राजनीतिक संरक्षण तथा नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दूसरी, एनटीए सहित पूरी परीक्षा प्रणाली की व्यापक समीक्षा और सुधार किया जाए। तीसरी, वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर जारी कर समयबद्ध तरीके से उसका पालन सुनिश्चित किया जाए।

पार्टी के अनुसार, 30 जून से छात्र संपर्क अभियान शुरू होगा। एक अगस्त को 28 शहरों में कलेक्टरेट घेराव तथा नौ अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ अभियान के पहले चरण का समापन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में वैभव वालिया, गरिमा मेहरा दसौनी, विशाल सिंह भोजक, विकास नेगी, ज्योति रौतेला, सुलेमान अंसारी, नानक चंद, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *