खड़गे के मंच के शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

सचिवालय-पुलिस मुख्यालय कूच के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सोमवार को उग्र हो गया। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सचिवालय और पुलिस मुख्यालय कूच किया। सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए। पुलिस ने धस्माना, मदन लाल समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। कांग्रेस के मुताबिक, सभी को दोपहर करीब तीन बजे रिहा कर दिया गया।

धस्माना बोले- खड़गे का अपमान पूरे दलित समाज का अपमान
प्रदर्शन के दौरान सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खड़गे की सभा के बाद एक संगठन से जुड़े लोगों ने मंच पर गंगाजल छिड़ककर हवन-पूजा की और मंच का शुद्धिकरण किया। उन्होंने कहा कि इस घटना को दलित समाज के अपमान के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े और वंचित वर्ग इस घटना से आक्रोशित हैं।

महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी घटना की निंदा करते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में सुलेमान अंसारी, अभिनव थापर, धर्मपाल घाघट, करण घाघट, गगन चाचर, जगदीश धीमान, वीरेंद्र पोखरियाल, देवेंद्र पाल सिंह, तीरथपाल रवि, ममता सिंह, अमरजीत सिंह, सुशील राठी, विशाल मौर्य, सुनीता प्रकाश, राज आनंद, हिमांशु भट्ट, विकास चौहान, अर्जुन सोनकर, मदन डिंगिया, संजय उनियाल, शिवांशु जायसवाल, अर्जुन पासी, रॉबिन त्यागी और गोदावरी थापली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *