बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मुद्दे पर किया प्रदर्शन
बोले- दस साल से सत्ता में भाजपा, फिर भी नहीं बना राजस्व गांव
अविकल उत्तराखंड
लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बिंदुखत्ता आगमन के दौरान राजस्व गांव के मुद्दे पर जवाब मांगने पहुंचे भाकपा माले और अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कार रोड चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
कार्यकर्ताओं ने राजस्व गांव का दर्जा देने में हो रही देरी को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ‘राजस्व गांव क्यों नहीं, मुख्यमंत्री जवाब दो’, ‘राजस्व गांव लेकर रहेंगे’, ‘अंकिता भंडारी को न्याय दो’ और ‘वीआईपी को बचाना बंद करो’ जैसे नारे लगाए।
भाकपा माले के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जायज मांगें उठाने वालों पर पुलिसिया कार्रवाई कर तानाशाही थोप रही है। मुख्यमंत्री को बिंदुखत्ता आने से पहले यह बताना चाहिए था कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने राजस्व गांव के मुद्दे पर अब तक क्या प्रगति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर विधानसभा चुनाव में भाजपा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने का वादा करती है, लेकिन प्रदेश में दस साल से भाजपा की सरकार होने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में भी कई बार घोषणाएं होने के बावजूद बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा नहीं मिल पाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री को क्षेत्र की जनता के सामने इसका जवाब देना चाहिए।
किसान महासभा की बिंदुखत्ता अध्यक्ष विमला पाल रौथाण और सचिव किशन बघरी ने कहा कि राज्य सरकार राजस्व गांव के मुद्दे पर जनता को गुमराह करना बंद करे। सरकार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पारित करना चाहिए। इसके बाद केंद्र सरकार से अनापत्ति लेकर विधानसभा चुनाव से पहले राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर जवाब नहीं देते, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच कर ज्ञापन दिया गया था। आंदोलन के अगले चरण में स्थानीय प्रशासनिक कामकाज ठप करने की रणनीति बनाई जाएगी। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं हुई तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में राजस्व गांव से वंचित आबादी भाजपा सरकार के खिलाफ मतदान करेगी।
प्रदर्शन में भाकपा माले के जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडेय, किसान महासभा की अध्यक्ष विमला पाल रौथाण, सचिव किशन बघरी, आइसा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, नैन सिंह कोरंगा, कमल जोशी, निर्मला शाही, गोविंद जीना, अंबा दत्त बसखेती, त्रिलोक राम, दौलत सिंह और त्रिलोक सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।




