साइकिलिंग कॉन्क्लेव 2026
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। तीसरे नेशनल साइकिलिंग कांन्क्लेव में उत्तराखंड सहित कई राज्यों के साइक्लिस्टों ने प्रतिभाग किया।
कांन्क्लेव का उद्देश्य देश में बदलते साइकिलिंग चुनौतियाँ और सम्भावनायों पर चर्चा प्रमुख रही।
पर्यावरण एक्टिविस्ट अनूप नौटियाल ने कहा कि आज देहरादून शहर में साइकिलिंग के लिए काफी चुनौतियाँ बढ़ गई है।उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाने पर जोर देना होगा ।अनूप नौटियाल ने कहा साइक्लिस्ट रियल पर्यावरण प्रहरी होते है जो बदलते पर्यावरण पर बारीक़ नजर रखते है।
कांन्क्लेव में फिट इंडिया मूवमेंट की सलाहकार भैरवी जोशी ने कहा कि खेल मंत्रालय पूरे देश में साइकिलिंग कल्चर को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इसके लिए कई शहरों में साइकिलिंग क्लब और साइकिल जोन बनाये जा रहे है।

नेशनल साइकिलिंग कांन्क्लेव का आयोजन पहाड़ी पैडलर्स की टीम ने किया जिसमें पंजाब, यूपी, गुजरात, हिमाचल, दिल्ली से भी साइक्लिस्ट शामिल हुए। टीम के संस्थापक गजेंद्र रमोला ने बताया कि यह तीसरा नेशनल कांन्क्लेव है। कांन्क्लेव में अलग अलग राज्यों में साइकिलिंग की चुनौतियों और समस्याओं पर चर्चा की गई।कांन्क्लेव में पहाड़ी पैडलर्स के सह संस्थापक अनुज केडियाल ने साइकिलिंग से जुड़ी समस्याओं और सम्भावनाओं की जानकारी साझा की।
कॉन्क्लेव में करीब 150 लोगों ने भाग लिया।कॉन्क्लेव में प्रशासन, पुलिस, सेना, पर्यावरण, सामाजिक क्षेत्र और साइकिलिंग से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य विषय यह रहा कि देश में साइकिलिंग को लेकर बढ़ रही रुचि को किस तरह लंबे समय तक चलने वाली संस्कृति में बदला जाए और इसे नई पीढ़ी तक कैसे पहुंचाया जाए।
कॉन्क्लेव में अराउंड दि वर्ल्ड 80 डेज इवेंट के प्रतिभागियों को मैडल वितरित किये गए।देहरादून के अनुभवों को देश में हो रहे व्यापक बदलावों के संदर्भ में देखा गया। पिछले कुछ वर्षों में भारत में साइकिलिंग से जुड़े सामुदायिक आयोजन, लंबी दूरी की साइकिलिंग, सरकारी कार्यक्रम और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ी है।

फिट इंडिया के संडे ऑन साइकिल जैसे अभियानों के जरिए साइकिलिंग को फिटनेस और जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कॉरपोरेट क्षेत्र भी साइकिलिंग आयोजनों में भागीदारी बढ़ा रहा है।
कॉन्क्लेव में 2027 से स्कूलों और विश्वविद्यालयों में साइकिलिंग क्लब विकसित करने की योजना को आगे की प्रमुख दिशा के रूप में रखा गया। इसकी शुरुआत देहरादून से करने और आगे इसे राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की परिकल्पना है।
प्रस्तावित क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित साइकिल राइड, साइकिलिंग शिक्षा, सड़क सुरक्षा, साइकिल रखरखाव और छोटी दूरी के लिए साइकिल के उपयोग जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में पद्मश्री कल्याण सिंह रावत,सीबीआई उत्तराखंड के डीआईजी मनीष वी.सुर्ती, फिट इंडिया मिशन की साइकिलिंग सलाहकार भैरवी जोशी,सामाजिक कार्यकर्ता अनूप नौटियाल, टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी कर्नल अनिल गुरुंग, कैप्टन गोपाल राणा, शांता देवी, भावना पुंज, देवेंद्र कुमार, मनबाहर,ग्रुप कैप्टन रेहान सिद्धकी, कलम सिंह बिष्ट, लक्मण सिंह बिष्ट, अनुज केडियाल, किरन रावत, अरविन्द यादव, अरुण कुमार, प्रदीप नैथानी सहित कई राज्यों से आये साइक्लिस्ट मौजूद रहे।कार्यक्रम में पहाड़ी पैडलर्स टीम के कई सदस्य मौजूद रहे और संचालन नरेश सिंह नयाल ने किया।



