राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कोटद्वार में बैठक
अविकल उत्तराखंड
कोटद्वार। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की कोटद्वार शाखा की बैठक ग्रास्टनगंज स्थित उद्यान विशेषज्ञ कार्यालय में आयोजित हुई।
बैठक में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियां, टीईटी की अनिवार्यता तथा कर्मचारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक की शुरुआत में शाखा अध्यक्ष मुकेश रावत ने परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडेय का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अध्यक्षता करते हुए अरुण पांडेय ने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से संबंधित गोल्डन कार्ड की समस्याओं और अन्य लंबित मांगों पर मुख्य सचिव स्तर पर बैठक हो चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र शासनादेश जारी किया जाएगा।
परिषद के पूर्व महामंत्री भारत बिष्ट ने वर्ष 2009 से पूर्व नियुक्त बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त किए जाने की मांग उठाई।
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री डॉ. महावीर बिष्ट और उपाध्यक्ष अजय बिष्ट ने गोल्डन कार्ड की विसंगतियों तथा अशासकीय विद्यालयों के 413 शिक्षकों के विनियमितीकरण का मुद्दा रखा।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतन बिष्ट ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली और वाहन भत्ता दिए जाने की मांग दोहराई। बैठक में कर्मचारियों और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया।
बैठक के अंत में शाखा अध्यक्ष मुकेश रावत ने प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडेय को कर्मचारियों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर उद्यान विशेषज्ञ पंकज पटवाल का आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में डॉ. महावीर बिष्ट, अजय बिष्ट, संतन बिष्ट, कैलाश थपलियाल, अखिलेश रावत, भास्करराज भारद्वाज, पंकज पटवाल, भारत बिष्ट, हरेंद्र सिंह बिष्ट, राजेश सिंह, अनीता रावत, धारणा शर्मा, पूनम पंवार, प्रीति शर्मा सहित अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश रावत ने किया।



