देखें आदेश
22 को मतदान
24 सितंबर को होगी मतगणना
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग ने उधमसिंहनगर की दो नगर पालिका परिषद का चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।
आयोग की अधिसूचना के अनुसार प्रदेश की नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं सदस्यों के रिक्त पदों के लिए 22 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 24 सितंबर को मतगणना होगी।
राज्य की नगर पालिका परिषद्, किच्छा एवं नगर पालिका परिषद्, सिरौलीकलां जनपद ऊधमसिंहनगर के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों का निर्वाचन समय-सारिणी के अनुसार किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 10 सितंबर से 11 सितंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। नाम निर्देशन पत्रों की वापसी 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जा सकेगी।
निर्वाचन प्रतीक का आवंटन 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 24 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना कार्य समाप्त होने तक चलेगी।
आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर निकायों में सामान्य निर्वाचन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण समेत विस्तृत जानकारी 8 सितंबर 2026 को जारी की जाए। इसका प्रकाशन सरकारी गजट में भी किया जाएगा।
आयोग के निर्देश के अनुसार नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी जांच, वापसी और निर्वाचन प्रतीक आवंटन की कार्रवाई संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा निर्धारित स्थानों पर की जाएगी। मतदान भी निर्धारित मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम का संबंधित जिलों और निकाय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाशों पर भी संबंधित निर्वाचन कार्यालय खुले रहेंगे।



