युवाओं के भविष्य निर्माण में जुटी है सरकार-धामी

खटीमा में युवा संवाद

34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी

सीमांत क्षेत्रों को ‘प्रथम गांव’ के रूप में विकसित करने पर जोर

अविकल उत्तराखंड

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
सोमवार को सनातन धर्मशाला, खटीमा परिसर स्थित एक निजी विद्यालय के सोबन सिंह जीना सभागार में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से रोजगार, सेवायोजन, पर्यटन, विकास, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन से जुड़े सवाल किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के सीधे और स्पष्ट जवाब दिए।

भ्रष्टाचार की शिकायत 1064 पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल एप के माध्यम से शिकायत की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की त्वरित जांच की जाती है।
उन्होंने कहा कि वह ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहते हैं, जहां युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत न पड़े। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर सरकार काम कर रही है।

सीमांत क्षेत्र नहीं, देश के प्रथम गांव

सीमांत क्षेत्रों से जुड़े सवाल पर धामी ने कहा कि सीमांत जिले और गांव देश का अंतिम छोर नहीं, बल्कि भारत के प्रथम गांव और प्रथम क्षेत्र हैं। ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत इन क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार का विशेष जोर है।

विकास और पर्यावरण संरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ा जाएगा।

34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करा चुकी है। रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।

पर्यटन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और हवाई कनेक्टिविटी तथा होमस्टे जैसी सुविधाओं के विस्तार से उत्तराखंड में पर्यटन को नई गति मिली है। चंपावत, मुनस्यारी, कौसानी, बेरीनाग, चौकोड़ी, पंचाचूली और आदि कैलाश जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सालाना पर्यटकों की संख्या सात से आठ करोड़ के पार पहुंच गई है।

कार्यक्रम में 18 विद्यालयों के करीब 360 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और आपदा प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *