छात्रा की पिटाई के आरोप में अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त

अविकल उत्तराखंड

अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में छात्रा की पिटाई के आरोप के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है।

सोशल मीडिया पर छात्रा के शरीर पर चोट के निशान वाला वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया था। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को विद्यालय का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य से घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ ही संबंधित छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। उन्होंने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उपखंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की समिति गठित की गई थी। समिति की जांच रिपोर्ट में संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त करने की संस्तुति की गई। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षिका की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट या दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। बच्चों में अनुशासन बनाए रखने के लिए संवाद, परामर्श और सकारात्मक तरीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। आवश्यकता होने पर अभिभावकों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाए।

इस मामले को लेकर क्षेत्र के अभिभावकों और लोगों में भी रोष था। महिला आयोग की सदस्य धना धौनी ने भी मामले पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी, महिला आयोग की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। छात्र-छात्राओं से संवाद कर खेल सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में खेल सुविधाओं के विकास और फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक मैदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और सड़क से विद्यालय तक पहुंच मार्ग को बेहतर करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पानी के भंडारण के लिए टैंक लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *