विधायक किशोर ने स्वास्थ्य मंत्री उनियाल को दी चेतावनी
टिहरी के प्रस्तावित मेडिकल कालेज पर रार
कांग्रेस ने भाजपा पर बोला हमला
अविकल थपलियाल
देहरादून। टिहरी मेडिकल कालेज की स्थापना को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय की अपनी ही सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को दी गयी कठोर चेतावनी ने तूल पकड़ लिया है। चर्चा है कि जिले का मेडिकल कालेज इणिया’ से ‘पिफल्टी’ शिफ्ट किया जा रहा है।
किशोर उपाध्याय ने वीडियो बयान जारी कर स्वास्थ्य मंत्री को कड़े लहजे में बहुत कुछ कह डाला। लब्बोलुआब कुल जमा यह रहा कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल टिहरी के लिए प्रस्तावित मेडिकल कालेज को अन्यत्र शिफ्ट करना चाहते हैं।
किशोर उपाध्याय का कहना है कि मेडिकल कालेज की डीपीआर शासन में बनकर तैयार है।जगह भी तय हो गयी। कार्यदायी संस्था भी तय हो गयी। ऐसे में मेडिकल कालेज को शिफ्ट करना न्यायसंगत नहीं होगा।
भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय ने स्वास्थ्य मंत्री पर अफरा तफरी फैलाने का भी आरोप।लगाया। और कहा कि मेडिकल कालेज को।शिफ्ट करने के गम्भीर परिणाम होंगे।
गौरतलब है कि एक समय किशोर व सुबोध उनियाल की कांग्रेस के मजबूत स्तम्भों में गिनती होती रही है। किशोर को हरीश रावत और सुबोध को विजय बहुगुणा का खास माना जाता रहा । लेकिन 2016 में सुबोध उनियाल और 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पूर्व किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस के समय भी दोनों नेताओं की ठनी रहती थी।
यह भी जानना जरूरी है कि किशोर व सुबोध एक ही टिहरी जिले की टिहरी व नरेन्द्रनगर विधानसभा से चुनाव जीते हैं। दोनों एक ही जिले की राजनीति करते हैं। देश के एक प्रमुख चैनल की डिबेट में दोनों के बीच हुई गर्मागर्म बहस आज भी चाव से देखी जाती है।
किशोर उपाध्याय के गर्म तेवरों से चुनावी साल में दो पुराने कांग्रेसी गोत्र के नेताओं की कलह एक बार फिर सामने आ गयी है। अब देखना यह है कि सीएम धामी पुराने कांग्रेसियों की गोलाबारी पर कैसे पानी डालते हैं।
कांग्रेस ने कहा, भिड़ रहे भाजपा सरकार के पुर्जे
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने टिहरी मेडिकल कॉलेज के स्थापना स्थल को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच चल रही नूराकुश्ती पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विज्ञापनों में नंबर वन रहने वाली इस ‘डबल इंजन’ सरकार के दोनों पुर्जे विकास कार्यों को ठप कर आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए हैं।
इन दोनों नेताओं के अहंकार और आपसी ‘जूतमपैजार’ के कारण टिहरी की भोली-भाली जनता वर्षों से एक अदद मेडिकल कॉलेज के लिए तरस रही है।
धरातल पर शून्य और विज्ञापनों में नंबर वन रहने वाली ‘डबल इंजन’ सरकार के दो पुर्जे आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए हैं।
एक तरफ खुद को टिहरी का ‘तपस्वी’ बताने वाले भाजपा विधायक चार साल बाद अचानक गहरी नींद से जागे हैं, तो दूसरी तरफ ‘सुपर सीएम’ की तरह व्यवहार करने वाले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल जनभावनाओं को ठेंगे पर रखकर कॉलेज को जबरन अपनी मनपसंद जगह खींच रहे हैं।
डबल इंजन सरकार के ‘इंजन’ आपस में ही टकरा रहे हैं विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं किशोर उपाध्याय और सुबोध उनियाल के बीच वर्चस्व की लड़ाई से टिहरी की जनता बेहाल नज़र आ रही है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्र के विकास या जनता के स्वास्थ्य से कोई सरोकार नहीं है।
इणिया’ बनाम ‘पिफल्टी’ का यह पूरा विवाद सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक वर्चस्व, ठेके-पट्टों की मलाई और अपनी ढहती साख को बचाने का एक फ्लॉप नाटक है।
भाजपा हमेशा राष्ट्रवाद का ढोल पीटती है, लेकिन टिहरी में इनका ‘क्षेत्रवाद’ और ‘अहंकार’ खुलकर सड़कों पर आ गया है।उन्होंने याद दिलाया कि इस कॉलेज की घोषणा सालों पहले हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार आज तक धरातल पर एक ईंट भी नहीं रख पाई। अब जब चुनावी हवा बदलने लगी है, तो दोनों नेता इस काल्पनिक कॉलेज का ‘श्रेय’ लूटने के लिए आपस में कुश्ती लड़ रहे हैं। विधायक जी चार साल तक सत्ता का सुख भोगते रहे और अब अचानक जनता के हमदर्द बनकर ‘संयुक्त संघर्ष समिति’ के पीछे छिपने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि भाजपा अपनी अंदरूनी कलह बंद कर जनहित के आधार पर कॉलेज का निर्माण तुरंत शुरू करे, अन्यथा कांग्रेस दोनों नेताओं का पुरजोर घेराव करेगी।



