कैप्टन अजय पंत मामले में भारतीय उच्चायोग सक्रिय

मुख्यमंत्री ने ली विस्तृत जानकारी

लंदन की जेल में न्यायिक हिरासत में हैं कैप्टन पंत

16 जुलाई को अगली सुनवाई

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। यूनाइटेड किंगडम में हिरासत में लिए गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारत का लंदन स्थित उच्चायोग लगातार निगरानी बनाए हुए है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर उच्चायोग ने मामले की ताजा स्थिति से राज्य सरकार को अवगत कराया है। उच्चायोग ने बताया है कि कैप्टन पंत सुरक्षित हैं, उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उनके परिवार को भी लगातार कांसुलर सहायता दी जा रही है।

उच्चायोग के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून 2026 को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया और कहा कि उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका अपनी पत्नी से नियमित संपर्क बना हुआ है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उच्चायोग ने जानकारी दी है कि इस मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता मिल सके और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है। कंपनी ने उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और परिवार को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
उच्चायोग के अनुसार न्यायालय में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित है। उच्चायोग ने आश्वासन दिया है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता एवं सहयोग निरंतर उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय तथा भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करते हुए कैप्टन पंत को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *