रुड़की-भगवानपुर में अवैध निर्माण पर चली जेसीबी

स्वीकृत मानचित्र से विचलन और नजूल भूमि पर निर्माण के खिलाफ एचआरडीए की कार्रवाई

अविकल उत्तराखंड

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र में अनधिकृत प्लॉटिंग, कॉलोनी विकास और भवन निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी की मदद से कई स्थानों पर किए जा रहे अनधिकृत विकास कार्यों को ध्वस्त किया।

शांतरशाह क्षेत्र में हरि आश्रय के निकट करीब 3 से 4 बीघा भूमि पर आशीष विरमानी द्वारा कॉलोनी विकसित की गई थी। इसी क्षेत्र के सहदेवपुर रोड पर गर्ग/हितबद्ध व्यक्ति द्वारा करीब 5 से 6 बीघा भूमि में कॉलोनी काटने का कार्य किया जा रहा था।

कोर-मंगलौर बाईपास स्थित पेट्रोल पंप के निकट जुल्फकार, फुरकान, इरशाद, हनीफ आदि द्वारा स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर निर्माण किया जा रहा था। वहीं श्यामकुंज, सिविल लाइंस में रतन अग्रवाल और रचित अग्रवाल द्वारा नजूल भूमि पर करीब 70×30 फीट क्षेत्र में निर्माण कराया जा रहा था। सिविल लाइंस में सुबोध कुमार द्वारा करीब 30×30 फीट तथा जादूगर रोड पर कमलेश द्वारा करीब 30×65 फीट क्षेत्र में निर्माण किया जा रहा था।

भगवानपुर के सिकंदरपुर भैंसवाल में राव जुनैद/हितबद्ध व्यक्ति द्वारा करीब 70×150 फीट क्षेत्र में फ्रेम स्ट्रक्चर से गोदाम का निर्माण तथा दौलतराम द्वारा स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण किया जा रहा था।

प्राधिकरण के अनुसार सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दायर किए गए हैं। लगातार निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किए जाने पर जेसीबी से अनधिकृत प्लॉटिंग एवं विकास कार्य ध्वस्त किए गए। मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *