हेम भट्ट प्रकरण में मुख्यमंत्री धामी ने निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने परिवार सहित भेंट की। वार्ता के दौरान भट्ट ने अपने प्रकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कार्यवाही करते हुए वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 23 मई को दून पुलिस ने सुबह 4 बजे पत्रकार हेम भट्ट को घर से उठा लिया था। भट्ट पर आरोप लगाया गया कि उनके ईनामी अपराधी प्रदीप सकलानी से सम्बनश हैं। 12 घण्टे की पूछताछ के बाद व पत्रकारों के विरोध के बाद पत्रकार हेम भट्ट को छोड़ दिया गया।
हेम भट्ट ने मानवाधिकार आयोग से मामले की शिकायत की। इसी बीच,पत्रकारों के एक दल ने डीजी सूचना बंशीधर तिवारी से भेंट कर हेम भट्ट को न्याय दिलाने की मांग की।
नतीजतन, 28 मई को सीएम धामी ने हेम भट्ट के परिजनों से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिया। इस प्रकरण पर पुलिस की कार्रवाई पर गहरे सवाल उठे थे। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र, भाजपा विधायक अरविंद पांडे व कांग्रेस के प्रदेश अध्य्क्ष गणेश गोदियाल समेत अन्य लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया था।



