रामलीला मैदान की मेगा रैली के बाद उत्तराखंड चुनाव पर दिल्ली में महामंथन
अब उत्तराखण्ड में बदलाव तय -गोदियाल
अविकल उत्तराखण्ड
नई दिल्ली। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की चुनौती को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली से उत्साहित कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश के राजनीतिक हालात और चुनावी रणनीति पर व्यापक मंथन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के नेताओं को संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के सुझाव एवं निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश के मौजूदा सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य, जनहित से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में कांग्रेस की पहुंच प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग को घेरा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का सवाल उठाया। उत्तराखंड समेत आगामी विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में भी इस मुद्दे को राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाने पर विपक्षी दलों ने जोर दिया।
कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड के राजनीतिक हालात और संगठन की तैयारियों को लेकर गंभीर नजर आ रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी सामूहिक नेतृत्व और बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ना चाहती है। प्रदेश के नेताओं से अपेक्षा है कि वे जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं और संगठन को एकजुट रखते हुए चुनावी अभियान को गति दें।
खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत शामिल हुए। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव ने भी बैठक में भाग लिया।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। गोदियाल ने कहा कि दिल्ली की अभूतपूर्व रैली ने मतदाताओं के रुख को साफ कर दिया है। अब उत्तराखण्ड में बदलाव तय है।
प्रभारी शैलजा व प्रवक्ता गरिमा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और जनसरोकारों को केंद्र में रखकर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी करेगी।




