प्रदेश में निःशुल्क नोटबुक योजना का शुभारम्भ

देहरादून जिले में वितरित की जायेगी चार लाख काॅपियां

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा को सुदृढ़ एवं छात्र-हितैषी बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘गेम चेंजर योजना’ (निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना) का शुभारंभ पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में किया गया।

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि जनपद देहरादून में लगभग 4.70 लाख नोटबुक वितरित की जाएंगी, जबकि प्रदेशभर में लगभग 35 लाख नोटबुक विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएंगी।
योजना के अंतर्गत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को 1-1 नोटबुक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को 3-3 नोटबुक तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को 5-5 नोटबुक उपलब्ध कराई जाएंगी।

विभागीय मंत्री डा. रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, समावेशी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज राजपुर व राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाथीबडकला की छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एमडीडीए के बंशीधर तिवारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक प्रेमलाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता बौडाई सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्राए व उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *