अब पशुपालकों के द्वार पहुंचेगी भ्रूण प्रत्यारोपण की सुविधा
पशुधन नस्ल सुधार को मिलेगा बढ़ावा
अविकल उत्तराखंड
हरिद्वार/देहरादून। जिले के पशुपालकों को आधुनिक पशु चिकित्सा और उन्नत प्रजनन सेवाएं अब घर के नजदीक उपलब्ध होंगी। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का देहरादून में लोकार्पण किया गया।
यूनिट के जरिए पशुपालकों के द्वार पर भ्रूण प्रत्यारोपण समेत पशु चिकित्सा और प्रजनन संबंधी सेवाएं पहुंचाने की तैयारी है।
पशुधन की उन्नत नस्ल सुधार और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में पशुपालन विभाग ने आधुनिक तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाने की पहल की है। पशुपालन विभाग के निदेशालय सभागार में पशुधन की उन्नत नस्ल सुधार एवं भ्रूण प्रत्यारोपण (Embryo Transfer) तकनीक विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसी दौरान हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का लोकार्पण किया गया।

कार्यशाला का आयोजन मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार डॉ. सतीश जोशी के संयोजन में हुआ। इसका उद्देश्य आधुनिक प्रजनन तकनीकों के माध्यम से पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण नस्ल सुधार को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में अपर निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राकेश सिंह नेगी ने सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कैलाश उनियाल ने किया। डॉ. अजय असवाल ने भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक पर विस्तृत जानकारी दी और इसके माध्यम से उन्नत नस्ल के पशुधन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
पशुपालकों के द्वार मिलेगी सुविधा
मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट के माध्यम से हरिद्वार जिले के पशुपालकों को उनके क्षेत्र में ही भ्रूण प्रत्यारोपण सहित आवश्यक पशु चिकित्सा एवं प्रजनन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे पशुपालकों को आधुनिक सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विभाग का मानना है कि इस पहल से पशुधन की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और पशुपालकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख खेम सिंह पाल, मंडल अध्यक्ष सरिता लिंगवाल, रजनीश कंबोज, केदारपुर के पार्षद दर्शन लाल बिजोंला और आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। निदेशालय एवं देहरादून जनपद के पशु चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।



