विशेष चेकिंग अभियान में कई वाहन सीज
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। परिवहन विभाग ने लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विदोली–कंडोली मार्ग पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। शिकायतें मिल रही थीं कि यूपीईएस कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के कुछ छात्र बिना हेलमेट वाहन चला रहे हैं तथा कारों में अवैध काली फिल्म, मल्टीटोन हॉर्न, अतिरिक्त लाइटें और अन्य अनधिकृत मॉडिफिकेशन कर सड़कों पर वाहन चला रहे हैं।
इसी क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर तीन काले रंग की थार गाड़ियों को सीज किया गया तथा संबंधित वाहनों पर लगभग 50 हजार रुपये का संयोजित जुर्माना लगाया गया।
अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने की अपील
देहरादून में दिनभर चले अभियान में 15 वाहन सीज, 102 के चालान
जांच के दौरान हरिद्वार पंजीकरण वाली एक थार में बड़ी संख्या में अवैध लाइटें लगी मिलीं। वाहन के अंदर, शीशों के ऊपर और डैशबोर्ड पर लगी लाइटों को नियमों के विरुद्ध पाया गया। इसके बाद ऐसे वाहनों को तत्काल प्रभाव से विदोली थाने में सीज कर दिया गया। कार्रवाई में विदोली चौकी प्रभारी और पुलिस टीम ने भी सहयोग किया।
यह अभियान आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला के निर्देश पर चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाएं और वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध काली फिल्म, हूटर, अतिरिक्त लाइटें तथा अन्य अनधिकृत उपकरण न लगवाएं। साथ ही सोशल मीडिया और ऑनलाइन वीडियो के प्रभाव में किए जा रहे खतरनाक मॉडिफिकेशन पर भी निगरानी रखने को कहा गया है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई अभिभावकों और वाहन चालकों से वार्ता कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। विशेष अभियान में लगभग 10 वाहनों को सीज और 35 वाहनों के चालान किए गए। वहीं देहरादून शहर में दिनभर चले विभिन्न प्रवर्तन अभियानों में कुल 15 वाहन सीज तथा 102 वाहनों के चालान किए गए।

