पोखरी में मातृ-पितृ विहीन मेधावी बेटियों को मिली छात्रवृत्ति

12 वर्षों में 919 बेटियां लाभान्वित

पार्वती देवी गंगा राम भट्ट ट्रस्ट की पहल- जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा को 12 साल से दे रहा संबल

अविकल उत्तराखंड

पोखरी (चमोली)। आर्थिक तंगी और माता-पिता के साये से वंचित होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए पार्वती देवी गंगा राम भट्ट ट्रस्ट लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 13 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार पोखरी नागनाथ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में 89 मेधावी बेटियों को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए गए। ट्रस्ट की ओर से वर्ष 2015 में शुरू की गई इस योजना के तहत पिछले 12 वर्षों में अब तक 919 बेटियों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।

इस वर्ष छात्रवृत्ति के लिए चयनित 89 बेटियों में 11 ऐसी हैं, जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। 49 बेटियों के माता-पिता में से कोई एक जीवित नहीं है। वहीं, 29 बेटियों के माता-पिता जीवित होने के बावजूद अत्यधिक गरीबी, बीमारी, शारीरिक अक्षमता, वृद्धावस्था और असहाय परिस्थितियों के कारण उनकी शिक्षा का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

ट्रस्ट की ओर से पोखरी विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक पढ़ने वाली मेधावी बेटियों को प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाती है। इस पहल का उद्देश्य विपरीत परिस्थितियों में भी बेटियों की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता देना है।

ट्रस्ट के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2015 से 2026 तक छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली 919 बेटियों में 113 ऐसी थीं, जिनके माता-पिता दोनों जीवित नहीं हैं। 511 बेटियों के माता-पिता में से किसी एक का निधन हो चुका है, जबकि 295 बेटियों के माता-पिता बीमारी, अक्षमता, मानसिक अस्वस्थता और अत्यधिक गरीबी जैसी परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। इनमें कुछ बेटियों के माता-पिता लापता भी हैं।

छात्रवृत्ति योजना के तहत अब तक लाभान्वित 919 बेटियों में से 174 अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की बेटियों को सरकार की ओर से भी छात्रवृत्ति मिलती रही है। वहीं, शेष 745 सामान्य वर्ग की मातृ-पितृ विहीन बेटियों को सरकार की ओर से किसी प्रकार की छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। ऐसे में ट्रस्ट की यह पहल इन बेटियों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी हुई है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को माला पहनाकर, बैज लगाकर तथा शॉल भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। कार्यक्रम में चमोली के जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत मुख्य अतिथि रहे। पोखरी की खंड शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट और खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी रहे। बालिका इंटर कॉलेज पोखरी की रेखा पटवाल राणा ने कार्यक्रम का संचालन किया। श्रीगढ़ हाईस्कूल की भारती सिंह सहित 11 विद्यालयों के शिक्षक और 18 अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पोखरी ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्राएं भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के आयोजक ट्रस्ट की सह-संस्थापिका एवं सेवानिवृत्त शिक्षा निदेशक पुष्पा मानस और सह-संस्थापक अधिवक्ता कालिका प्रसाद काला भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि आकाश सारस्वत ने ट्रस्ट के दोनों पदाधिकारियों को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *