सुस्त रफ्तार से खर्च हो रही सांसद निधि

केवल 18 प्रतिशत सांसद निधि हुई खर्च

देखें रिपोर्ट कार्ड

सांसदों द्वारा प्रस्तावित 215 कार्य स्वीकृत ही नहीं हुये, 154 कार्य प्रारंभ नहीं हुये

ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय की सूचना से हुआ खुलासा

अविकल उत्तराखंड

काशीपुर। उत्तराखंड के लोकसभा तथा राज्यसभा के वर्तमान सांसदों की आवंटित सांसद निधि की कुल धनराशि में जून 2026 तक केवल 18 प्रतिशत धनराशि ही खर्च हुई है। इसमें पूर्ण कार्यों तथा चल रहे कार्यों पर खर्च धनराशि शामिल हैं।

सांसदों द्वारा प्रस्तावित 215 कार्य अधिकारियों ने स्वीकृत ही नहीं किये है तथा स्वीकृत कार्यों में से 154 जून 2026 तक प्रारंभ भी नहीं हुये है। यह खुलासा सांसद निधि के नोडल विभाग ग्राम्य विकास आयुक्त उत्तराखंड कार्यालय द्वारा सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उददीन एडवोकेट को उपलब्ध करायी गयी सूचना से हुआ।

सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट ने उत्तराखंड के ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से सांसद निधि खर्च सम्बन्धी सूचना चाही थी। जिसके उत्तर में लोक सूचना अधिकारी उपायुक्त प्रशासन, हेमन्ती गुंज्याल द्वारा अपने पत्रांक 319762 के साथ सांसद निधि खर्च के जून 2026 के विवरण की प्रति उपलब्ध करायी है। जिसमें जून 2026 के अंत तक की उत्तराखंड के लोक सभा सांसदों की सांसद निधि खर्च का विवरण दिया है।

उपलब्ध विवरण के अनुसार जून 2026 तक उत्तराखंड के कुल 8 सांसदों को 135.95 करोड़ की सांसद निधि आवंटित हुई है। इसमें 73.50 करोड़ 5 लोकसभा सांसदों तथा 62.45 करोड़ 3 राज्यसभा सांसदों को आवंटित हुई है।

उत्तराखंड के सांसदों के वर्तमान कार्यकाल में पूर्ण कार्यों पर कुल 12.81 करोड़ तथा चल रहे अपूर्ण कार्यों पर जून 2026 तक कुल 11.31 करोड़ की धनराशि खर्च हुई है जो कुल आवंटित धनराशि का 18 प्रतिशत है।

इसमें लोेकसभा के 5 सांसदों की पूर्ण कार्यों पर 5.769 करोड़ तथा अपूर्ण तथा चल रहे कार्यों पर 1.90 करोड़ की धनराशि खर्च दर्शायी गयी है जो कुल आवंटित धनराशि की केवल 10 प्रतिशत है।

राज्यसभा के 3 सांसदों की आवंटित निधि में से पूर्ण कार्यों पर खर्च 7.04 करोड़ तथा चल रहे कार्यों पर 9.41 करोड़ दर्शाया गया है जो कुल आवंटित निधि का 26 प्रतिशत है।

सांसद निधि खर्च के मामले में लोेकसभा सांसदों में सर्वाधिक निधि 4.08 करोड़, 28 प्रतिशत खर्च करने वाली टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह है। दूसरे स्थान पर 1.79 करोड़, 12 प्रतिशत खर्च करने वाले उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट हैं ।

तीसरे स्थान पर 1.499 करोड़ 10 प्रतिशत खर्च करने वाले हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत तथा चैथे स्थान पर 0.17 करोड़, 1 प्रतिशत खर्च करने वाले अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा हैं। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की जून 2026 तक सांसद निधि शून्य खर्च दर्शायी गयी है।
राज्यसभा सांसदों में सर्वाधिक सांसद निधि 10.96 करोड़, 40 प्रतिशत नरेश बंसल, दूसरे स्थान पर 4.356 करोड़, 22 प्रतिशत कल्पना सैनी तथा तीसरे स्थान पर 1.139 करोड़, 8 प्रतिशत महेन्द्र भट्ट की जून 2026 तक खर्च हो सकी है।

नदीम को उपलब्ध सांसद वार विवरण के अनुसार नैनीताल उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने जून 2026 तक अपने वर्तमान कार्यकाल में सांसद निधि से कुल 327 कार्य प्रस्तावित किये हैैं जिसमें से 260 कार्य अधिकाारियों द्वारा स्वीकृत किये गये है उसमें से 56 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 183 कार्य चल रहे हैं तथा 21 कार्य प्रारंभ नहीं हो सके है।

टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज लक्ष्मी शाह ने 184 कार्य प्रस्तावित किये हैं जिसमें से 167 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किये गये हैं, 80 कार्य पूर्ण हो चुके है, 74 कार्य चल रहे हैं तथा 13 कार्य प्रारंभ नहीं हुये हैं।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अपने वर्तमान लोकसभा सांसद कार्यकाल में कुल 9 कार्य प्रस्तावित किये हैं। अधिकारियों द्वारा 3 कार्य स्वीकृत किये हैं, 3 कार्य पूर्ण तथा 3 कार्य चल रहा 1 कार्य प्र्रारम्भ नहीं हुआ दर्शाया गया है।
अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा के प्रस्तावित 59 कार्याें में से 35 स्वीकृत 4 कार्यों में से 3 पूर्ण होना , 3 कार्य प्रारंभ न होना तथा 29 कार्य चलना दर्शाया गया है ।
हरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत के प्रस्तावित 137 कार्यों में से अधिकारियों ने 31 कार्य स्वीकृत किये है जिसमें में 20 कार्य पूर्ण हुए है 11 चल रहे है ।

राज्यसभा सांसदों में नरेश बंसल ने 280 कार्य प्रस्तावित किये है जिसमें से 231 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किये गये हैं जिसमें 39 कार्य पूर्ण हुये है 118 चल रहे हैं तथा 74 जून 2026 तक प्रारंभ नहीं हुये है। कल्पना सैनी द्वारा प्रस्तावित 140 कार्यों में से 106 कार्य अधिकारियों द्वारा स्वीकृत किये गये हैं 48 पूर्ण हुये है 54 चल रहे है तथा 4 प्रारंभ नहीं हुये हैं। महेन्द्र भट्ट द्वारा अपने जून 2026 तक पूर्ण कार्यकाल में 87 कार्य प्रस्तावित किये हैं 71 स्वीकृत हुये हैं, 10 कार्य पूर्ण हुये, 23 चल रहे है तथा 38 कार्य प्रारंभ नहीं हो सके है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *