अविकल उत्तराखंड
नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई अन्तर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम अधिकारी मीना द्वारा नव प्रवेशित स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, लक्ष्य, उद्देश्यों, आदर्श वाक्य,प्रतीक चिन्ह, बैच एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य की समयावधि,एक दिवसीय शिविर एवं सात दिवसीय विशेष शिविर की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
तत्पश्चात कार्यक्रम में एनएसएस के स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें स्वयंसेवकों ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत और सामाजिक जागरूकता पर आधारित प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में नमामि गंगे की नोडल अधिकारी डॉक्टर मीनाक्षी द्वारा स्वयंसेवियों को नमामि गंगे कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई साथ ही उन्होंने सत्र में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया।

स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश देते हुए महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक कचरा एकत्र कर परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज सेवा एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वयंसेवियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है।
कार्यक्रम का सफल संचालन कुमारी सोनम बी0ए0 प्रथम सेमेस्टर के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग में डॉ अजीत सिंह डॉ सनव्वर, संगीता बिजलवान जोशी एवं कर्मचारी वर्ग में डॉक्टर ममता मनीषा दीपक आशीष पंकज हितेश एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



