ग्राम पिपोला में शराब नहीं, संस्कार मुहिम को मिला जनसमर्थन

ग्राम समाज सुधार समिति का गठन

शराबमुक्त सामाजिक आयोजनों और नशामुक्त गांव बनाने के लिए ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प

अविकल उत्तराखंड

पिपोला (टिहरी गढ़वाल)। जाखणीधार ब्लॉक जनपद टिहरी गढ़वाल की ग्राम पंचायत पिपोला में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
ग्राम प्रधान सीमा नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों, महिलाओं एवं गांव के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में शराब नहीं, संस्कार मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा के सामाजिक अभियान से प्रेरित होकर ग्राम समाज सुधार समिति का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में शादी-विवाह, जन्मदिन एवं अन्य सामाजिक तथा धार्मिक आयोजनों को शराबमुक्त एवं संस्कारयुक्त बनाया जाएगा। सामाजिक आयोजनों में शराब के प्रचलन को समाप्त करने, विवाह समारोह में निर्धारित समय एवं अनुशासन का पालन करने तथा गांव में नशे के विरुद्ध सामूहिक जनजागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी।
ग्राम प्रधान सीमा नेगी ने कहा कि गांव के सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने और आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए यह पहल अत्यंत आवश्यक है। ग्राम पंचायत और ग्रामीण मिलकर इस अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने सभी ग्रामीणों से सामाजिक नियमों का पालन करने की अपील की।

शराब नहीं, संस्कार मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से संभव है। वर्ष 2014 से संचालित शराब नहीं, संस्कार अभियान का उद्देश्य गांवों को नशामुक्त बनाना, विवाह समारोहों को शराबमुक्त करना तथा समाज में संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। पिपोला के ग्रामीणों की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगी।
समिति अध्यक्ष हर्षपति ने कहा कि ग्राम समाज सुधार समिति गांव में नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता, आपसी सहयोग और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य गांव के प्रत्येक परिवार को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।

ग्राम समाज सुधार समिति का गठन

बैठक में सर्वसम्मति से सीमा देवी को संरक्षक ,क्षेत्र पंचायत पंचायत मनोरमा देवी ,हर्षपती देवी अध्यक्ष ,सुमित्रा देवी उपाध्यक्ष,पूनम देवी सचिव,कलावती देवी सह सचिव,संदीप नेगी कोषाध्यक्ष, सदस्य मोनिका,शशी देवी, विनीता, प्रेम दत चमोली, दिवली देवी, गुड्डी देवी निर्वाचित हुए। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि समिति के गठन से गांव में सामाजिक एकजुटता बढ़ेगी और नशामुक्त एवं संस्कारयुक्त समाज निर्माण के संकल्प को मजबूती मिलेगी। शराब नहीं संस्कार मुहिम के लक्ष्मी बहुगुणा व जगदीश बडोनी ने ग्रामवासियों को नशा मुक्त ग्राम की शपथ दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *