कैरियर के अवसरों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

अविकल उत्तराखंड

खाड़ी (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, जनपद टिहरी गढ़वाल में बुधवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा “उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं भविष्य के कैरियर अवसरों” विषय पर एक जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर गिरिजा प्रसाद पांडे, मदन मोहन जोशी तथा जनजागृति संस्थान, खाड़ी के प्रतिनिधि अरण्य निरंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मदन मोहन जोशी ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित परंपरागत एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीसीए (BCA), बीबीए (BBA), जैसे व्यवसायिक पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में अत्यंत सहायक हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों, विशेष रूप से होम-स्टे मैनेजर प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि यह स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी पहल है उन्होंने विद्यार्थियों को अवगत कराया कि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति एवं शिक्षा ऋण की सुविधाएँ उपलब्ध हैं। साथ ही नियमित महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से समानांतर रूप से किसी व्यवसायिक या कौशल आधारित पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर एक साथ दो डिग्रियाँ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया एवं विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सेल्फ लर्निंग मैटेरियल (SLM) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। प्रोफेसर गिरिजा प्रसाद पांडे ने बताया कि विश्वविद्यालय का अपना यूट्यूब शिक्षण मंच उपलब्ध है, जहाँ विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान सुन सकते हैं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित “हैलो हल्द्वानी” रेडियो कार्यक्रम के माध्यम से समय-समय पर शिक्षा, कैरियर, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं समसामयिक विषयों पर उपयोगी चर्चाएँ प्रसारित की जाती हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न डिप्लोमा, प्रमाणपत्र एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर लॉ, साइबर सुरक्षा, योग विज्ञान, ज्योतिष, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), पत्रकारिता एवं जनसंचार, न्यू मीडिया, मानवाधिकार, एम.एससी., एमबीए, एम.एससी. (आईटी), एमसीए, एमएलआईएस, एम.ए. शिक्षा सहित अनेक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। साथ ही गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी, नेपाली जैसी क्षेत्रीय भाषाओं एवं विभिन्न विदेशी भाषाओं के प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। विद्यार्थी अपनी नौकरी या अन्य कार्यों के साथ इन पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर अपने कैरियर को नई दिशा दे सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य शन्नवर सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अजीत सिंह, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. सीमा पांडे, डा मीना,डॉ. इरा सिंह, डॉ. ममता चौहान, दीपक ,आशीष, हितेश , मनीषा तथा इंटर कॉलेज के प्राध्यापक भूपेंद्र सिंह सैनी एवं एन. पी. ओस कुमार सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विविध शैक्षिक एवं कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *