जनरल खण्डूडी से पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने को मिला- नितिन

जनरल खण्डूडी की कार्यशैली अद्वितीय थी-बीएल संतोष

पूर्व मुख्यमंत्री खण्डूडी को भाजपा नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खण्डूडी के निधन पर शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उनके वसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी तथा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने मेजर जनरल खण्डूडी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सादगी और जनसमर्पित जीवन को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जनरल खण्डूडी से पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव उत्तराखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मेजर जनरल खण्डूडी की पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण तथा पुत्र मनीष खण्डूडी को धैर्य बनाए रखने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संबल दिया।

भाजपा संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने कहा कि जनरल खण्डूडी की कार्यशैली अद्वितीय थी और संगठन तथा सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण था।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य वरिष्ठ नेता मेजर जनरल खण्डूडी के पुत्र मनीष खण्डूडी के साथ भूमि पर बैठकर उनके दुख में सहभागी बने।
नेताओं ने परिवार के साथ समय बिताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा शोक व्यक्त किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *