अजेय कुमार और दुष्यंत गौतम की छुट्टी के बाद नई टीम मैदान में
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। प्रदेश प्रभारी व दो सह प्रभारी की नियुक्ति के बाद भाजपा ने लम्बे समय से खाली चल रहे प्रदेश महामंत्री संगठन की कुर्सी फणीन्द्र नाथ शर्मा को सौंप दी।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी मामले से चर्चा में आये संगठन महामंत्री अजेय कुमार का राजस्थान तबादला कर दिया गया था।
इसके बाद 23 सितंबर को प्रभारी दुष्यंत गौतम की छुट्टी करते हुए राम माधव को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया।
संगठन से जुड़े अहम पदों पर नियुक्ति करते हुए भाजपा ने चुनावी तैयारियों को एक कदम आगे बढ़ा दिया है।
सीएम धामी व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने फणीन्द्र नाथ शर्मा को उत्तराखंड भाजपा का नया प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फणीन्द्र नाथ शर्मा की संगठनात्मक कार्यशैली, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और बूथ सशक्तीकरण का वृहद एवं कुशल अनुभव प्रदेश संगठन को मिलेगा।
भट्ट ने कहा कि असम, त्रिपुरा और हरियाणा में संगठन महामंत्री एवं अन्य दायित्वों के रूप में उनके द्वारा किए गए कार्य और माइक्रो-बूथ प्रबंधन का लाभ आगामी चुनावों की जीत में निश्चित रूप से मिलेगा। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त, जीवंत एवं ऊर्जावान होकर उभरेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि नए प्रदेश संगठन महामंत्री के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड में संगठन की नींव बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगी तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में नई ऊर्जा के साथ कार्य किया जाएगा।



