पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे

धामी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा

धामी ने पीएम मोदी को दी बधाई, कहा- जनसेवा और सुशासन की 25 वर्ष की यात्रा प्रेरणादायी

अविकल उत्तराखंड

देहरादून/उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण की यात्रा रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा की यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता दी है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प प्रेरणादायी है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उत्तराखंड सरकार भी उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *