स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

अविकल उत्तराखंड

नरेंद्रनगर। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़े के तहत आज दिनांक 24 सितंबर 2026 को पर्यावरण जागरूकता (Environmental Awareness) विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति अपनी जागरूकता को रचनात्मक माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा अपने आसपास के प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ए. के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वच्छ पर्यावरण केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की भी आधारशिला है। पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षणगण एवं समस्त संबंधित सदस्य उपस्थित रहे। डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी, कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी एवं श्रीमती मीना सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, प्लास्टिक प्रदूषण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *