डीसीएस और फार्मर रजिस्ट्री में आ रही व्यवहारिक परेशानी

मुख्य सचिव को अवगत कराया

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) और फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य सचिव से हस्तक्षेप की मांग की है।
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य सचिव से मुलाकात कर अधीनस्थ कृषि सेवा संघ की ओर से उठाई गई समस्याओं से अवगत कराया।

परिषद ने बताया कि डीसीएस और फार्मर रजिस्ट्री के दौरान मोबाइल नेटवर्क और लोकेशन में दिक्कत, राजस्व नक्शे और मौके की स्थिति में अंतर, पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सर्वे करने में परेशानी, वर्षाकाल में खेतों तक पहुंचने की कठिनाई तथा पर्याप्त संसाधन और कर्मचारियों की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इससे कर्मचारियों को कार्य पूरा करने में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व में भी शासन और विभागीय अधिकारियों से पत्राचार के साथ बैठकें की गईं। अधिकारियों की ओर से समाधान का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।

परिषद ने मुख्य सचिव से मांग की कि डीसीएस और फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए सक्षम स्तर पर बैठक आयोजित कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संसाधन और पर्याप्त कार्मिक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कर्मचारियों पर अनावश्यक कार्यभार और दबाव न पड़े तथा सर्वे का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *