केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी को लेकर प्रदर्शन

राहुल गांधी के दौरे और पेपर लीक पर भाजपा को घेरा

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र की भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने और राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से घबराकर अमर्यादित बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर नीट पेपर लीक, सीबीएसई कॉपी जांच विवाद और सीयूईटी परीक्षा में गड़बड़ियों ने देश के युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से भाजपा की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है।

कौलागढ़ स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान धस्माना ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं और सीयूईटी परीक्षा में गड़बड़ियों ने केंद्र सरकार की परीक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ऐसी स्थिति में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए था।

धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एक परीक्षा को पारदर्शी ढंग से आयोजित नहीं कर पा रही है तो उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा भविष्य में नीट परीक्षा के संचालन में सेना और वायुसेना की सहायता लेने की बात करना इस बात का संकेत है कि सरकारी व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा शासन में शिक्षा का बाजारीकरण होने के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली भी दलालों और घोटालेबाजों के प्रभाव में आ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो छात्रों और युवाओं का आक्रोश और बढ़ेगा।

वहीं राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए धस्माना ने कहा कि खराब मौसम के कारण राहुल गांधी अल्मोड़ा और पौड़ी की जनसभाओं में भौतिक रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन डिजिटल और वर्चुअल माध्यम से उनका संबोधन बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले राहुल गांधी के उत्तराखंड आने पर सवाल उठा रही थी और बाद में उनके कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो पाने को मुद्दा बनाने लगी, जो उसकी घबराहट को दर्शाता है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा के प्रवक्ताओं से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक ने मर्यादा से परे भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संबोधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में वन रैंक-वन पेंशन, विकलांगता पेंशन और अग्निपथ योजना जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिसका लोगों ने स्वागत किया।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम किया है और इससे पार्टी के संगठनात्मक अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *