जर्जर सड़क,जलभराव और बदहाल नालियों के मुद्दे पर प्रदर्शन

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। शहर की जर्जर सड़कों, बदहाल नालियों और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश सचिव रितेश छैत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने सड़कों की तत्काल मरम्मत, नालियों की सफाई और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
रितेश छैत्री ने कहा कि देहरादून के कई प्रमुख एवं संपर्क मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है।

ज्ञापन में शहर की टूटी और जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर स्थायी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। इसके साथ ही सड़कों के किनारे स्थित नालियों एवं नालों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग रखी गई।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। घटिया निर्माण सामग्री अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।

रितेश छैत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने प्रत्येक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की लागत, समय-सीमा और गुणवत्ता संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि बरसात में जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों और नालियों की तत्काल मरम्मत एवं सफाई के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रदर्शन में संजय शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, राजेश शर्मा, जगदीश धीमान, अनुराग गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, अनिल नेगी, कासिम चौधरी, पीयूष जोशी, राम किशोर बघेल, मुकेश अरोरा, स्वाति नेगी, राजीव प्रजापति, रहमान, वंश, कामिनी, माही जेटली और समीर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *