बॉबी पंवार ने धामी सरकार से पूछा- न्याय की आवाज उठाने वालों को रोकने की वजह क्या है?
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और उनके माता-पिता के सम्मान का मुद्दा अब प्रदेश की सियासत में लगातार तूल पकड़ रहा है।
राजघाट पर अंकिता के माता-पिता के साथ हुई घटना के विरोध और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष इस मामले को उठाने के लिए शुक्रवार को राज्य स्वराज पार्टी ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के महानगर कार्यालय से शुरू हुए प्रदर्शन में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। हालांकि, विकासनगर, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत विभिन्न क्षेत्रों से देहरादून आ रहे कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया गया। इसको लेकर पार्टी नेताओं ने धामी सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।
राज्य स्वराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि प्रदेशभर से पार्टी के कार्यकर्ता अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उनके माता-पिता के सम्मान की आवाज बुलंद करने के लिए देहरादून पहुंच रहे थे, लेकिन उन्हें जगह-जगह रोक दिया गया। विकासनगर, हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले कार्यकर्ताओं को भी आगे नहीं बढ़ने दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर धामी सरकार को इतना डर किस बात का है? पार्टी किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रही है।
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी पंवार, उपाध्यक्ष त्रिभुवन चौहान, कार्यकारी महासचिव राजेंद्र भट्ट, भरत रावत, महानगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, देवेंद्र बिष्ट, कैप्टन पूरन सिंह रावत, मुकेश चौहान, वाणी, ललित श्रीवास्तव, अमित अग्रवाल, जसपाल चौहान, मन्नू राणा, नवीन चौहान, दिव्यांश बिष्ट, इमरान, सतेंद्र राणा, घनश्याम, एहसान अली, शहजाद, विवेक राजपूत, दिव्यांश असवाल, सुमन हांडा, कोमल अग्रवाल, उर्वशी, आरती, संगीता अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, आकाश, नितेश और अविनाश चमोली सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




