दिव्यांगों और स्वयं सहायता समूहों को मिली सौगात
अविकल उत्तराखंड
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों और जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने दोहराया कि सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, छह ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं। ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी गई।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
:थारू समाज की शिक्षा-रोजगार पर सरकार का जोर’
एवरेस्ट विजेताओं का सम्मान, जनजातीय कल्याण योजनाओं का रखा ब्यौरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए जनजातीय समुदाय के लिए संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बीएसएफ के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, अटल आवास योजना, आश्रम पद्धति विद्यालयों के उन्नयन, एकलव्य मॉडल विद्यालयों, छात्रावास निर्माण, महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता तथा वन धन केंद्रों जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून और नशा विरोधी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि थारू समाज की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सरकार गंभीरता से लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में कराए जा रहे विकास कार्यों और समाज के उत्थान के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, थारू राणा परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, समाजसेवी रमेश राणा, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह राणा, सभासद दौलत राणा, ग्राम प्रधान शोभा देवी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



