कांग्रेस व भाजपा बिछाएगी विधानसभा चुनाव की बिसात
धामी-बलूनी व त्रिवेंद्र की बैठक पर टिकी निगाहें
अविकल थपलियाल
देहरादून। मौसम नौ तपा का चल रहा है। तापमान अपने उठान पर है। मौसम विभाग ने 28 मई से मौसम के करवट लेने की भविष्यवाणी की है। बौछारें पड़ेंगी और गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन उत्तराखण्ड में प्राकृतिक नौ तपा और दलीय तापमान के बीच जबर्दस्त जंग छिड़ने वाली है।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा व कांग्रेस हाईकमान की आमद को लेकर दोनों दलों की धड़कन बढ़ी हुई है।
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 मई तक उत्तराखण्ड भाजपा की नब्ज टटोलते हुए चुनावी अभियान को गति देंगे। जबकि राहुल गांधी 4 व 5 जून को अल्मोड़ा व पौड़ी व देहरादून में चुनावी शंखनाद करेंगे।
कांग्रेस के लिए 2027 की चुनावी जंग करो या मरो के समान हो गयी है। जबकि भाजपा तीसरी बार चुनाव जीत कर हैट्रिक बनाने की कोशिश करेगी।
भाजपा के नितिन नवीन के आगमन से पूर्व 27 मई को सीएम धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व अनिल बलूनी के बीच होने बैठक को अहम माना जा रहा है। बीते कुछ समय से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के जारी कटाक्ष के बीच भाजपा की अंदरूनी जंग काफी तेज हुई है। इधऱ, 25 व 26 मई को सांसद बलूनी व त्रिवेंद्र सिंह रावत का गूलरभोज में विधायक अरविंद पांडे के आवास पर जाने से भी जारी तकरार में तेजी आई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखण्ड दौरे से ठीक पूर्व धामी,बलूनी व त्रिवेंद्र की पारस्परिक बैठक में काफी कुछ पकने की उम्मीद है।
इधऱ, कांग्रेस खेमे में भी राहुल गांधी के दौरे को लेकर हलचल मची हुई है। अल्मोड़ा,पौड़ी व देहरादून में जनता-कार्यकर्ता व पूर्व सैनिकों के साथ राहुल गांधी के होने वाले संवाद से भी मतदाता के मूड का अंदाजा लगेगा।

अंदरूनी कलह के बीच कांग्रेस के कई गुट राहुल गांधी के सामने शक्ति प्रदर्शन करता दिखाई देगा।
कांग्रेस ने 2025 में ही गोदियाल-हरक व प्रीतम को चुनावी बागडोर सौंप कर भाजपा को चुनौती पेश कर दी थी। पूर्व सीएम हरीश रावत का गुट किनारे किये जाने के बावजूद अपनी सक्रियता बनाए हुए है।
जबकि पार्टी के एक सर्वे में भाजपा में कुछ नान परफॉर्मर विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चा के बीच बेचैनी का आलम है। गर्मी के इस मौसम में उत्साह के साथ साथ दोनों दलों में चुनावी घबराहट की गर्म हवाएं भी चल रही है। अब नितिन नवीन और राहुल गांधी एक दूसरे दल की कुंडली खोलने के अलावा अपने घर की दरारों को कितना पाट पाएंगे ? इसका भी खुलासा हो जाएगा….
राहुल गांधी का कार्यक्रम
4 जून को राहुल सुबह 11:30 बजे अल्मोड़ा में जनसभा करेंगे।
चार जून को हो 3:30 बजे पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे।
5 जून की सुबह राहुल दून में पार्टी पदाधिकारियों सहित सभी प्रमुख नेताओं संग बैठक करेंगे।
नवीन 28 मई को प्रदेश कार्यालय में सांय 6.15 से कोर कमेटी व मंत्रियों की बैठक लेंगे।
29 मई को प्रातः मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे एवं शोक संपत परिजनों से मुलाकात करेंगे। उसके बाद वे
29 मई 2026- राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल पहुंचकर 11:00 बजे से सांसद विधायकों के साथ बैठक, उसके बाद दोपहर 2:00 बजे से प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। शाम 4:00 बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। सांयकॉल वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे।
30मई 2026- राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डाकरा, गड़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे। इसके बाद बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद वे शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग सिंहनीवाला में 11:00 बजे से आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर 2 बजे से सीएम आवास स्थित मुख्य मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात नबीन सांय 4.35 बजे वे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



