बार की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए- मोर्चा
पुलिस कार्रवाई में दखल का आरोप, सरकार से जांच और कार्रवाई की मांग
अविकल उत्तराखंड
विकासनगर। देहरादून की राजपुर रोड पर देर रात तक संचालित हो रहे एक बार को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि शहर में “रोमियो लेन बार” कथित रूप से देर रात तक खुला रहता है, जो नियमों का उल्लंघन है।

नेगी ने आरोप लगाया कि यह बार रोजाना निर्धारित समय सीमा के बाद भी रात तीन-चार बजे तक संचालित होता है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि इसे किसी उच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले में एक आईजी की भूमिका संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शनिवार की रात जब सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, तब आईजी स्वयं वहां पहुंच गए और कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया। नेगी के अनुसार यह न केवल अनुशासन के विपरीत है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि संबंधित बार की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। नेगी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो मोर्चा इस मामले को सार्वजनिक रूप से उजागर करेगा।
मोर्चा ने सीओ सिटी प्रमोद कुमार और पुलिस कप्तान परमेन्द्र डोभाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दबाव के बावजूद कार्रवाई का प्रयास किया, जो सराहनीय है।
नेगी ने यह भी कहा कि निर्धारित समय के बाद संचालित होने वाले बारों के कारण पहले भी कई आपराधिक घटनाएं और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी संबंधित अधिकारी के संरक्षण में हरिद्वार में भूमि कब्जे का मामला सामने आ चुका है।
उन्होंने कहा कि मोर्चा शीघ्र ही इस पूरे प्रकरण को सरकार और शासन के समक्ष उठाएगा और संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।
पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

