साक्षी ने निधि को हराकर जीता खिताब

बैडमिंटन प्रतियोगिता

अविकल उत्तराखंड

खाड़ी,नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी की बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम सेमेस्टर की छात्रा साक्षी ने फाइनल में पंचम सेमेस्टर की छात्रा निधि को हरा कर चैंपियनशिप जीती।
दोनों प्रतिभागियों ने अपने खेल कौशल एवं उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों को ग्रुप A, B, C, D एवं E में विभाजित कर विभिन्न मुकाबले आयोजित किए गए।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. ईरा सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिता का संचालन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में भूपेंद्र सैनी ने मुख्य अतिथि एवं कोच की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर डॉ. अजीत सिंह, डॉ. मीना, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. सनोवर तथा महाविद्यालय के अन्य शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान हितेश द्वारा समस्त खेल गतिविधियों का छायांकन किया गया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना के प्रति प्रेरित किया गया। महाविद्यालय में इस प्रकार की खेल गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा उनमें खेलों के प्रति रुचि विकसित करना है।

महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी तथा विजेता प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *