श्रीनगर में ABVP का खाता नहीं खुलना और पौड़ी में NSUI पैनल की जीत लोकतंत्र की ताकत- गोदियाल
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर और पौड़ी में छात्र संघ चुनाव के परिणामों को युवाओं के बीच बदलती राजनीतिक सोच का संकेत बताया है। उन्होंने NSUI के विजयी छात्र नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन परिणामों से संगठन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
गोदियाल ने कहा कि श्रीनगर में महासचिव पद पर NSUI प्रत्याशी की जीत और पौड़ी में पूरे पैनल की सफलता महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजयी छात्र नेता कांग्रेस की नीतियों को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए संगठन को भी मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी छात्र संघ चुनावों में NSUI पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों के बाद युवाओं के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है। युवा अब राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से समझ रहे हैं और उनके बताए रास्ते को पसंद कर रहे हैं।
गोदियाल ने कहा कि श्रीनगर में भाजपा और उसके समर्थित ABVP ने पूरी ताकत झोंकी, लेकिन इसके बावजूद वह कोई पद नहीं जीत पाई। पौड़ी में भी NSUI के पूरे पैनल की जीत हुई। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बताता है कि जब युवा अपने अधिकार और ताकत को पहचानकर फैसला करते हैं तो धनबल और प्रभाव काम नहीं आता।
उन्होंने छात्र संघ चुनाव के परिणामों को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि इन नतीजों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की ताकत सबसे बड़ी है।



