अविकल उत्तराखंड
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखंड की सुपरवाइज़र एसोसिएशन की द्विवार्षिक कार्यकारिणी का चुनाव गुरुवार को देहरादून में संपन्न हुआ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड के प्रतिनिधियों की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में सभी पदों पर एक-एक नाम प्राप्त होने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई।
मुख्य चुनाव अधिकारी रविन्द्र चौहान और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष जोशी की देखरेख में निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। प्रस्तावकों और अनुमोदकों की ओर से नामों का प्रस्ताव एवं अनुमोदन किया गया। किसी भी पद पर एक से अधिक नाम नहीं आने पर निर्वाचन अधिकारियों ने सभी पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की।
निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में फूल देवी को अध्यक्ष, विष्णु राणा को उपाध्यक्ष, शारदा थपलियाल को मंत्री, राधा पाठक को कोषाध्यक्ष और प्रियंका नौटियाल को ऑडिटर चुना गया।
निर्वाचन के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी रविन्द्र चौहान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने संगठन की एकता और मजबूती के साथ कर्मचारियों के हितों तथा विभाग से जुड़े विषयों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।



