निर्णायक संघर्ष करेगी कांग्रेस
अविकल उत्तराखंड
हल्द्वानी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को लेकर महानगर कांग्रेस ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर मतदाता सूची, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार से जुड़े सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने या चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर गुरुवार को बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकालने का ऐलान किया।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी जैसी शिकायतों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों और जमीनी परिस्थितियों के आधार पर चुनावी प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े सवाल गंभीरता से उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता के एक-एक वोट की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
सुमित हृदयेश ने हल्द्वानी नगर निगम चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतपेटियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर सजगता दिखाई थी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निगरानी और मतदाता के अधिकारों की रक्षा पूरे लोकतांत्रिक तंत्र की जिम्मेदारी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान किसी राजनीतिक दल के खिलाफ महज राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का आंदोलन है। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे। लोगों से अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा किसी विसंगति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के समक्ष आपत्ति दर्ज कराने की अपील की जाएगी।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है और मतदाता के अधिकारों की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अभियान के तहत गुरुवार दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से जनजागरण मार्च निकाला जाएगा। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होकर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का संदेश देंगे।
प्रेसवार्ता में विधायक सुमित हृदयेश, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, मेयर प्रत्याशी ललित जोशी, हरीश मेहता, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, मधु सांगुड़ी, कमला सनवाल, सुहैल सिद्दीकी, गिरीश पांडे, दीप पाठक, नरेश अग्रवाल, बहादुर बिष्ट, जाकिर हुसैन, अमित रावत, महेंद्र कुमार और दिनेश सांगुड़ी मौजूद रहे।




