बाल भवन में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान

बच्चों को गुरु सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने का दिलाया संकल्प

अविकल उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से 5 सितंबर को बाल भवन, तरला आमवाला में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. एस. फारुख ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

परिषद की महासचिव आशा रानी पैन्यूली ने अतिथियों, पदाधिकारियों, आजीवन सदस्यों और बच्चों का स्वागत किया। संयुक्त सचिव ज्योत्सना खत्री ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। डॉ. मोना बाली, प्रधानाचार्य फूलचन्द नारी शिल्प कन्या इंटर कॉलेज देहरादून, अंजली चन्दोला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त भारत स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड, सेवानिवृत्त प्रोफेसर आई.पी. पाण्डेय तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसणी के सहायक अध्यापक व्यायाम रवीन्द्र सिंह रावत को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और लकी बंबू का पौधा भेंट किया गया।

डॉ. एस. फारुख ने कहा कि सच्चा शिक्षक ही देश का वास्तविक निर्माता होता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को प्रेमपूर्वक शिक्षा देने का आह्वान किया। ज्योत्सना खत्री ने बच्चों को गुरुओं का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने और शिक्षा को जीवन का महत्वपूर्ण साधन मानकर मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बच्चों से अपने व्यवहार और आचरण से विद्यालय तथा शिक्षकों का नाम रोशन करने और जिम्मेदार नागरिक बनकर देश-समाज की सेवा करने की अपील की।

बाल भवन परिसर में रोपे जाएंगे विभिन्न प्रजातियों के पौधे
शिक्षक दिवस के अवसर पर बाल भवन परिसर के लिए आईजीएनएफए, एफआरआई देहरादून के सहयोग से करीब 80 पौधे उपलब्ध कराए गए। आजीवन सदस्य रमेश खत्री के प्रयासों से उपलब्ध कराए गए इन पौधों में हरड़, बहेड़ा, राजमैरी, आंवला, सहजन, नीम, ऑलस्पाइस, अमरूद, आम, नींबू, लीची, आड़ू, अंजीर, चीकू, लेमनग्रास, चंपा, खिरनी, अशोक, रुद्राक्ष, गुलाब और शरीफा सहित विभिन्न प्रजातियां शामिल हैं।

कार्यक्रम में महेश चंद्र मैठाणी, मनोज कुमार शर्मा, रमेश खत्री, वाई.एस. रावत, रजीना, अनुराज, मंजीत सिंह रावत सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर मिष्ठान वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *