कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज के विरोध में उतरी कांग्रेस
जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन और पुतला दहन करेगी कांग्रेस
अविकल उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने और विरोध करने वालों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जौलजीबी में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विधायक हरीश धामी के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन करने वाले चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और देहरादून में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पीआरडी जवानों पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर पार्टी ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने दोनों घटनाओं को सरकार की दमनकारी सोच का उदाहरण बताते हुए प्रदेशव्यापी विरोध की घोषणा की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने 18 नवंबर को देहरादून में पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। पीआरडी जवान प्रदेश की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों में सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद सरकार उनके रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर उदासीन बनी हुई है।
गोदियाल ने कहा कि सरकार को जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन वह पुलिस बल का इस्तेमाल कर आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा घायल जवानों को उचित उपचार और मुआवजा देने की मांग की। साथ ही जवानों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने जौलजीबी में विधायक हरीश धामी के अपमान के विरोध में प्रदर्शन करने वाले चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को सरकार की कायराना हरकत बताया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पार्टी हरसंभव कानूनी सहायता देगी और उनके साथ पूरी कांग्रेस खड़ी है।
प्रतिमा सिंह ने सभी जिला अध्यक्षों से 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करने और भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




